पालमपुर/शिमला:
दिनांक 12-5-2026
हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने आज प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति और आगामी नगर निकाय व पंचायती राज चुनावों पर अपनी पैनी प्रतिक्रिया दी है। डॉ. सिकंदर कुमार ने नगर निकायों के चुनाव प्रचार के दौरान पालमपुर में कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता वर्तमान कांग्रेस सरकार की ‘जन-विरोधी’ विकास रोको की नीतियों से पूरी तरह टूट चुकी है।
सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में जनता ने कांग्रेस पर भरोसा जताया था, लेकिन आज वही जनता अपने फैसले पर पछता रही है। सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल पर भारी सेस लगाने, बिजली सब्सिडी में कटौती करने और विकास कार्यों को ठप करने जैसे निर्णयों ने आम आदमी का जीना दूभर कर दिया है। महिलाओं को ₹1500 देने और युवाओं को रोजगार की झूठी गारंटियों ने कांग्रेस का असली चेहरा बेनकाब कर दिया है।
डॉ. सिकंदर कुमार ने जोर देकर कहा कि पूरे प्रदेश, विशेषकर पालमपुर में भाजपा के पक्ष में जबरदस्त माहौल है। जनता केंद्र की मोदी सरकार की ‘आयुष्मान भारत’, ‘किसान सम्मान निधि’ और ‘उज्ज्वला योजना’ जैसी कल्याणकारी योजनाओं से सीधे लाभान्वित हो रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व के साथ चलने का मन बना चुकी है और इन निकाय चुनावों में कांग्रेस को करारा जवाब मिलना तय है।


