धर्मपुर (मंडी)
क्षेत्र में सामाजिक सेवा की मिसाल पेश करते हुए साईं इटरनल फाउंडेशन द्वारा मंगलवार को साईं भवन, धर्मपुर में एक दिवसीय विशाल निशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। इस शिविर में करीब 500 से अधिक लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श प्राप्त किया।
शिविर का आयोजन फाउंडेशन के संस्थापक राजकुमार वर्मा के सौजन्य से किया गया। कैंप में पहुंचे लोगों को न केवल मुफ्त स्वास्थ्य जांच की सुविधा दी गई, बल्कि आवश्यक दवाइयां भी निशुल्क वितरित की गईं। इसके साथ ही नेत्र रोग से संबंधित मरीजों के लिए मुफ्त चश्मे भी उपलब्ध करवाए जाने की घोषणा की गई।
मेडिकल कैंप में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने विभिन्न विभागों में सेवाएं प्रदान कीं, जिनमें मेडिसिन, कार्डियोलॉजी, नेत्र रोग, दंत चिकित्सा और सामान्य स्वास्थ्य जांच शामिल रही। डॉक्टरों ने मरीजों को उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के अनुसार उचित परामर्श दिया और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह भी दी।
स्थानीय लोगों राकेश कुमार, सुनील कुमार, अनिल कुमार, ओम प्रकाश, कांता देवी, ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कैंप ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित होते हैं, जहां अक्सर स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित होती हैं।
फाउंडेशन के सदस्यों ओमप्रकाश, विजय ठाकुर, शुभम शर्मा, गगन कुमार ने बताया कि उनका उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य लगातार जारी रखे जाएंगे।कैंप के सफल आयोजन में फाउंडेशन के सदस्यों और स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा, जिनकी मेहनत से यह आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सका।





धर्मपुर में साईं इटरनल फाउंडेशन का निशुल्क मेडिकल कैंप, 500 से अधिक लोगों ने करवाई जांच
Date:


