*जनता से नकारी जा चुकी सुक्खू सरकार हार के डर से टाल रही है चेयरमैन, वाइस चेयरमैन और मेयर के चुनाव
*80% से अधिक पंचायती राज संस्थाओं में भाजपा को मिला है दो-तिहाई बहुमत, जनादेश का गला घोंट रही कांग्रेस।
*गलत हथकंडों के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी भाजपा, जनता के हक के लिए प्रदेशव्यापी जन-जागरण और उग्र आंदोलन की चेतावनी।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री व सांसद राज्यसभा प्रोफेसर सिकंदर कुमार ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर पंचायती राज संस्थाओं, नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों में गैर-लोकतांत्रिक और असंवैधानिक तरीकों से सत्ता हथियाने का गंभीर आरोप लगाया है। भाजपा ने कांग्रेस सरकार की इस कार्यप्रणाली की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा है कि जनता द्वारा पूरी तरह नकारे जाने के बाद अब कांग्रेस पिछले दरवाजे से स्थानीय निकायों पर कब्जा करने के लिए घिनौना षड्यंत्र रच रही है।
प्रोफेसर सिकंदर कुमार ने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है। राज्य के 80 प्रतिशत से अधिक पंचायती राज निकायों में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है, जबकि जनता ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों पर मुहर लगाते हुए भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को दो-तिहाई (2/3) से अधिक प्रचंड बहुमत देकर जिताया है।
डॉ सिकंदर कुमार ने आरोप लगाया कि अपनी तय हार को सामने देखकर कांग्रेस सरकार पूरी तरह बौखला गई है। यही कारण है कि आज जिला परिषद के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन, ब्लॉक डेवलपमेंट कमेटी (BDC) के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन, और नगर निगमों व नगर परिषदों के मेयर व डिप्टी मेयर के चुनाव जानबूझकर नहीं करवाए जा रहे हैं। सरकार सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करके इन महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक पदों के चुनावों को लगातार टाल रही है ताकि जोड़-तोड़ और गलत हथकंडों के दम पर इन संस्थाओं पर अवैध कब्जा किया जा सके। यह सीधे तौर पर जनता के जनादेश का अपमान और लोकतंत्र की हत्या है।
उन्होने कांग्रेस सरकार को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि वह जनता के फैसले को बदलने की कोशिश न करे। भाजपा इस तानाशाही और गैर-लोकतांत्रिक रवैये की घोर निंदा करती है। पार्टी ने साफ किया है कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा चुप नहीं बैठेगी। जहां भी जरूरत पड़ेगी, कांग्रेस के इस षड्यंत्र के खिलाफ सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इसके साथ ही, भाजपा पूरे प्रदेश में एक व्यापक जन-जागरण अभियान चलाएगी, जिसके तहत गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जाकर जनता को यह बताया जाएगा कि किस तरह कांग्रेस पार्टी गलत और अनैतिक हथकंडे अपनाकर स्थानीय निकायों की सत्ता को हथियाने का प्रयास कर रही है। भाजपा मांग करती है कि बिना किसी देरी के पारदर्शी तरीके से सभी निकायों के शीर्ष पदों के चुनाव तुरंत करवाए जाएं, अन्यथा सरकार को जन-आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।


