धर्मपुर, (मंडी)
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) कर्मचारियों द्वारा 25 जून से चक्का जाम की घोषणा के बाद धर्मपुर प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल ने एचआरटीसी अधिकारियों एवं डीएसपी धर्मपुर संजीव सूद के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में आंदोलन के दौरान आम जनता को होने वाली असुविधाओं को कम करने तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने कर्मचारियों के प्रस्तावित आंदोलन के मद्देनजर विभिन्न पहलुओं पर मंथन किया। एसडीएम जोगिंदर पटियाल ने कहा कि सरकार एवं जिला प्रशासन के निर्देशों के अनुसार सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बस अड्डों, प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
डीएसपी संजीव सूद ने बैठक के दौरान पुलिस विभाग की तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आंदोलन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी चर्चा की गई कि यदि चक्का जाम होता है तो यात्रियों को होने वाली परेशानियों को कम करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर भी विचार किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आम जनता की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।


