हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव को लेकर गांवों में लोकतंत्र का उत्साह चरम पर पहुंच गया है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को रिकॉर्ड 37,114 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इसके साथ ही प्रदेशभर में अब तक कुल 79,676 नामांकन पत्र प्राप्त हो चुके हैं। हालांकि जिला चंबा के दुर्गम विकास खंड पांगी से रिपोर्ट आना अभी शेष है। इसलिए यह आंकड़ा और बढ़ सकता है। राज्य निर्वाचन आयोग ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को संबंधित रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा सुबह 10 बजे से की जाएगी। उम्मीदवार 15 मई तक नाम वापस ले सकेंगे और उसी दिन चुनाव चिन्ह भी आबंटित कर दिए जाएंगे। प्रदेश में मतदान तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई को होगा। मतदान सुबह सात बजे से शाम तीन बजे तक पारंपरिक मतपत्र और मतपेटियों के माध्यम से कराया जाएगा।
लाहुल-स्पीति सबसे पीछे
नामांकन के आंकड़ों में जिला कांगड़ा सबसे आगे रहा, जहां कुल 14,590 नामांकन पत्र दाखिल हुए। वहीं लाहुल-स्पीति में सबसे कम 493 नामांकन प्राप्त हुए। मंडी में भी चुनावी सरगर्मी खूब दिखी और वहां 14,517 नामांकन जमा हुए। शिमला में 7,614 तथा हमीरपुर में 7,194 उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं।
नगर पंचायत नारकंडा में सभी सदस्य निर्विरोध चुने
नगर परिषद रोहड़ू में कुल 22 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं और किसी भी प्रत्याशी ने सोमवार को अपना नामांकन वापस नहीं लिया। वहीं, नगर पंचायत नारकंडा में सभी सदस्य निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो गए हैं।
गांवों में चुनावी माहौल गर्म
प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में पंचायत चुनावों को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। नामांकन के अंतिम दिन तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों में उम्मीदवारों और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी रही। अब निगाहें 12 मई की जांच प्रक्रिया और 15 मई के बाद बनने वाले चुनावी मुकाबलों पर टिक गई हैं।
कहां, कितने आवेदन
कांगड़ा 14,590
मंडी 14,517
चंबा 8,002’
शिमला 7,614
हमीरपुर 7,194
सिरमौर 5,970
ऊना 5,823
कुल्लू 5,817
सोलन 5,605
बिलासपुर 4,484
किन्नौर 1,428
लाहुल-स्पीति 493
ग्रामीण संसद के लिए 79676 नामांकन, कांगड़ा में 14590 ने भरा परचा, पांगी का आंकड़ा अभी बाकी
Date:


