309 किलोमीटर लंबी लाइन पर बनेंगे 30 नए स्टेशन; एक हजार गांवों को फायदा
आवाज जनादेश/ न्यूज ब्यूरो शिमला
इंदौर से मुंबई की कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। दोनों शहरों के बीच 309 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाने का फैसला लिया गया है। यह रेल लाइन इंदौर से मुंबई के ही एक इलाके ममाड के बीच बिछेगी। 18,036 करोड़ रुपए का यह प्रोजेक्ट 1000 गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत करेगा। आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति ने सोमवार को यह फैसला लिया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इससे मुंबई और इंदौर जैसे दो बड़े हब जुड़ सकेंगे। इस प्रोजेक्ट को 2028-29 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस परियोजना से 102 लाख मानव दिवसों का रोजगार सृजित होगा। इस परियोजना के तहत कुल 30 नए स्टेशन तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा आकांक्षी जिले बरवानी की कनेक्टिविटी भी इससे मजबूत होगी। इस परियोजना के तहत पूरे रूट पर 30 नए स्टेशन तैयार किए जाएंगे। इनसे 1000 गांवों तक पहुंचना आसान होगा और कुल 30 लाख लोगों को सीधे तौर पर फायदा होगा।
कनेक्टिविटी बढऩे से पर्यटन को लगेंगे पंख
रेल मंत्री ने बताया कि पीएम-गतिशक्ति नेशनल मास्टर प्लान के तहत इस परियोजना को मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि इससे माल ढुलाई और यात्रियों को बड़ा फायदा होगा। इंदौर और मुंबई के बीच 309 किलोमीटर के इस नेटवर्क के तहत कुल छह जिले पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि इससे इन जिलों की कनेक्टिविटी और विकास को गति मिलेगी। यही नहीं मध्य भारत से पश्चिम और दक्षिण पश्चिम भारत की कनेक्टिविटी बढ़ेगी तो दोनों ही इलाकों में पर्यटन की गतिविधियां भी तेज होंगी।


