जनता के बीच पहुंच रहे उम्मीदवार, समर्थन और जनसंपर्क बना चर्चा का केंद्र
चमन शर्मा
आनी उपमंडल के तहत आने वाले बखनाओ जिला परिषद वार्ड में पंचायत चुनावों को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है। गांव-गांव और चौपालों में अब चुनावी चर्चाएं तेज हो गई हैं। हर उम्मीदवार अपने पक्ष में माहौल बनाने और लोगों तक अपनी बात पहुंचाने में जुटा हुआ है। वहीं जनता भी इस बार विकास, ईमानदारी और जनसेवा के मुद्दों को लेकर गंभीर दिखाई दे रही है।बखनाओ जिला परिषद वार्ड से इस बार कई मजबूत और चर्चित चेहरे मैदान में हैं, जिनके बीच मुकाबला रोचक माना जा रहा है। उम्मीदवारों के समर्थक भी अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार अभियान तेज कर चुके हैं।चुनावी मैदान में उतरे योगेंद्र कुमार पूर्व अध्यापक रह चुके हैं और उन्हें भारतीय जनता पार्टी का समर्थन प्राप्त बताया जा रहा है। वहीं श्यामानन्द भी शिक्षा क्षेत्र से जुड़े रहे हैं और क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान मानी जाती है।
इसके अलावा डॉ. सुनील पेशे से वकील हैं और उन्हें कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा है। वे युवाओं और सामाजिक मुद्दों को लेकर लोगों के बीच सक्रिय बताए जा रहे हैं।रमेश कुमार कामरेड विचारधारा से जुड़े हुए हैं और लंबे समय से आम लोगों के मुद्दों को उठाते रहे हैं। वहीं दिवान राजा समाज सेवा तथा पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं और क्षेत्र में उनकी अलग पहचान मानी जाती है।बखनाओ वार्ड में इस बार मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि सभी उम्मीदवार अपने-अपने अनुभव और जनसंपर्क के दम पर जनता का समर्थन हासिल करने में लगे हुए हैं। गांवों में बैठकों, जनसंपर्क अभियानों और चर्चाओं का दौर लगातार जारी है।
अब देखना यह होगा कि जनता किस उम्मीदवार पर सबसे अधिक भरोसा जताती है और आखिरकार जीत का ताज किसके सिर सजता है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल चरम पर पहुंच चुका है और लोगों की नजर मतदान के दिन पर टिकी हुई है।





बखनाओ जिला परिषद वार्ड में चुनावी सरगर्मियां तेज, किसके सिर सजेगा जीत का ताज?
Date:


