आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को शिमला के रिज मैदान पर प्रो-बॉक्सिंग इंटरनेशनल प्रतियोगिता में कहा कि सरकार ने नशे के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है, जिसे युवाओं का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार आने वाले समय में नशे के खिलाफ अभियान को और तेज करेगी। नशा माफिया के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सीएम सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं के लिए पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की है। अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और राज्य स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए विशेष अवकाश का प्रावधान किया गया है, जबकि पहले ऐसे प्रतिभागियों को अनुपस्थित माना जाता था।
हिमाचल में लिंगानुपात में सुधार, 947 से 964 पहुंचा : सीएम
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार के सकारात्मक प्रयासों का नतीजा है कि हिमाचल में लिंगानुपात में महत्वपूर्ण सुधार हुआ है। प्रदेश में लिंगानुपात की दर वर्ष 2023 में 947 थी, जो वर्ष 2024 में बढ़कर 964 हो गई है। यह सकारात्मक बदलाव दर्शाता है कि समाज में लड़कियों के प्रति दृष्टिकोण में बदलाव हुआ है। राज्य सरकार वंचित वर्गों की बेटियों की शादी के लिए वित्तीय सहायता दे रही है। प्रदेश की 3,956 लड़कियों को उनकी शादी के समय मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 1,989.31 लाख रुपये की वित्तीय मदद दी गई है। रविवार को जारी बयान में सुक्खू ने कहा है कि सरकार की शगुन योजना लड़कियों के जीवन को खुशियों से भर रही है। योजना के तहत 12,192 लड़कियों को 3,779.52 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी गई है। सरकार के यह प्रयास प्रदर्शित कर रहे हैं कि अब आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की लड़कियां भी सम्मान और खुशी के साथ जीवन के एक नए चरण में प्रवेश कर रही हैं। प्रदेश में विधवा पुनर्विवाह योजना के माध्यम से वित्तीय सहायता भी दी जा रही है।
रिज पर रोहड़ू जाणा मेरी आमिये, तेरे बिना न गुजारा…गानों पर जमकर झूमे दर्शक
राजधानी का ऐतिहासिक रिज मैदान रविवार को गीत-संगीत की रंगीन लहरों से गूंज उठा। मौका था स्वर्गीय पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की स्मृति में आयोजित प्रो-बॉक्सिंग इंटरनेशनल प्रतियोगिता के समापन समारोह का। रात साढ़े सात बजे के करीब लोकप्रिय पंजाबी गायक कंवर ग्रेवाल और हिमाचली लोकगायक कुलदीप शर्मा जैसे ही स्टेज पर आए। उन्होंने अपने सुरों की ऐसी बौछार की कि दर्शक झूमते नजर आए। शिमला की शांत वादियां सुरों और तालियों से गूंज उठीं। कंवर ग्रेवाल ने तेरे बिना ना गुजारा…, इश्क भूले न नचा वे यार… और मस्त बना देंगे बीबा जैसे सुपरहिट गीत पेश किए। इसके बाद मंच पर आए हिमाचल के स्टार गायक कुलदीप शर्मा ने रोहडू जाणा मेरी आमिये…, दरोगा जी छोरू नी समझाओ…. कुल्लू-मनाली लागा मेला… रंग रूप तेरा बड़ा प्यारा… जैसे गीतों से समां बांध दिया। इस दौरान उन्होंने स्टेज से नीचे उतरकर दर्शकों के साथ डांस किया। फोटो खिंचवा कर दर्शकों का दिल जीत लिया।
रिज पर जमाया रंग…
रिज पर इंटरनेशनल प्रो बॉक्सिंग प्रतियोगिता के बाद रात को पंजाबी गायक कंवर ग्रेवाल और नाटी किंग कुलदीप शर्मा ने खूब समां बांधा। बाहरी राज्य से आए पर्यटक भी पंजाबी गानों और नाटियों पर थिरकते नजर आए
शायरी से जमाया रंग
कार्यक्रम के दौरान सिर्फ संगीत ही नहीं, कुलदीप शर्मा ने बीच-बीच में शायरी भी सुनाई, जिसमें प्यार ओर पहाड़ की लोक भावनाएं समाई थीं। वही दर्शकों ने हर शेर पर तालियों से जवाब दिया।
राजा साहब अमर रहे के लगे नारे
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह अमर रहे के नारे लगते रहे।


