मिडल बेल्ट के सेब को मिल रहे बढिय़ा दाम, 84 हजार पेटियां प्रदेश से बाहर
आवाज जनादेश / न्यूज ब्यूरो शिमला
हिमाचल प्रदेश में जैसे-जैसे सेब का सीजन रफ्तार पकड़ रहा है वैसे-वैसे मार्केट में इसका दाम भी अच्छा मिल रहा है। इस बार अहम बात यह है कि सेब के दामों में गिरावट नहीं आई है। हालांकि इस बार क्वालिटी उतनी ज्यादा अच्छी भी नहीं है मगर दाम में गिरावट नहीं आई है, क्योंकि सेब इस बार कम है। अभी तक के आंकड़ों की बात करें तो मंडियों में 1 करोड़ 13 लाख सेब पेटियां पहुंच गई हैं और इसमें भी 84 हजार पेटियां प्रदेश से बाहर गई हैं। प्रदेश से बाहर की मंडियों में हिमाचली सेब को अच्छा दाम मिल रहा है और इसकी आमद से वहां के आढ़ती भी खुश हैं। बागबान लगातार बाहरी मंडियों में भी जा रहे हैं मगर हिमाचल की मंडियों में भी इसी तरह की स्थिति है, जहां पर भी सेब का अच्छा दाम मिल रहा है। प्रदेश की मंडियों में दस किलोग्राम की सेब पेटियां इस वक्त 87320 पहुंंच चुकी हैं, जबकि 20 किलोग्राम की 69,31,588 पेटियां मंडियों में आ चुकी हैं। इसी तरह से बाहर की मंडियों में 10 किलोग्राम की 42 लाख 60 हजार 954 पेटियां जा चुकी हैं, जबकि 20 किलोग्राम भार की 30,547 पेटियां जा चुकी हैं। इस तहर से लगातार सेब की आमद मंडियों में पहुंच रही है। सेब का दाम भी बागबानों को काफी अच्छा मिल रहा है, जिससे बागबान इस बार खुश हैं। अभी तक सेब सीजन में किसी भी तरह की दिक्कत पेश नहीं आई है। बरसात ने भी ज्यादा परेशान नहीं किया है। इस बार सडक़ों की स्थिति भी अच्छी है क्योंकि कहीं पर भी कोई सडक़ें बरसात की वजह से बाधित नहीं हुई। कुल मिलाकर सेब का सीजन भली प्रकार से चल रहा है और बागबानों को काफी अच्छा रेट मिल रहा है।
दस किलोग्राम सेब पेटी के दो से अढ़ाई हजार रेट
सेब के दाम की बात करें तो दो हजार से ऊपर ही यह दाम है। यहां तक की अच्छी क्वालिटी के सेब को दस किलोग्राम को ही दो से अढ़ाई हजार मिल रहे हैं। अधिकतम चार हजार रुपए तक सेब की 20 किलो की पेटी के दाम जा रहे है जो कि शुरुआत में 4500 रुपए तक बिकी है। प्रदेश की मंडियों में भी सेब की आमद अच्छी है और अब मिडल बेल्ट से काफी ज्यादा राहत मिल रही है। जल्दी ही गोल्डन एप्पल बाजार में छा जाएगा, जिसकी शुरुआत अब हो चुकी है।


