ग्राम सभा में सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय, पंचायत स्तर पर बनेगी निगरानी समिति, नियम तोड़ने वालों पर लगेगा भारी जुर्माना
धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर उपमंडल की ग्राम पंचायत भरौरी ने क्षेत्र को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल की है। पंचायत की ग्राम सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर शादी-ब्याह, सामाजिक एवं अन्य सार्वजनिक आयोजनों में शराब परोसने पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही पंचायत क्षेत्र में शराब, चिट्टा तथा अन्य मादक पदार्थों की बिक्री और सेवन के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने का भी फैसला लिया गया।
ग्राम पंचायत प्रधान विनोद शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत का उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना तथा समाज में स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा में उपस्थित लोगों ने एकमत होकर नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाने का समर्थन किया और पंचायत को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के लिए अधिकृत किया।
प्रधान ने बताया कि पंचायत स्तर पर एक विशेष निगरानी समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें पंचायत प्रतिनिधियों के अलावा बुद्धिजीवी, महिला मंडलों, युवक मंडलों तथा स्थानीय लोगों को भी शामिल किया जाएगा। यह समिति पंचायत क्षेत्र में नशे से संबंधित गतिविधियों पर नजर रखेगी तथा किसी भी प्रकार की अवैध शराब, चिट्टा या अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री की सूचना तुरंत प्रशासन और पुलिस तक पहुंचाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति पंचायत द्वारा बनाए गए नियमों का उल्लंघन करते हुए शादी-ब्याह या अन्य आयोजनों में शराब परोसता है अथवा पंचायत क्षेत्र में नशे के कारोबार को बढ़ावा देता पाया गया, तो उसके खिलाफ पंचायत स्तर पर निर्धारित नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में भारी भरकम जुर्माना लगाने के साथ-साथ प्रशासनिक कार्रवाई के लिए भी मामला संबंधित विभाग को भेजा जाएगा।
ग्राम सभा में मौजूद लोगों ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज और विशेषकर युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। इसलिए सामाजिक भागीदारी के माध्यम से इस बुराई को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
प्रधान विनोद शर्मा ने पंचायतवासियों से भी अपील की कि वे नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग दें तथा यदि कहीं भी अवैध शराब, चिट्टा या अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत पंचायत, पुलिस अथवा प्रशासन को दें। उन्होंने विश्वास जताया कि पंचायत और जनता के संयुक्त प्रयासों से भरौरी पंचायत को नशामुक्त और आदर्श पंचायत बनाया जा सकेगा।
भरौरी पंचायत ने नशे के खिलाफ कसा शिकंजा, शादी-ब्याह में शराब परोसने पर रोक का प्रस्ताव पारित
Date:


