आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
फेसबुक पर दोस्ती और फिर ठगी करने के मामले साइबर अपराध की दुनियां में नए नहीं हैं, लेकिन इसके बाद भी लोग ऐसे जालसाझों के चक्कर में फंस रहे हैं। ऐसा ही एक मामला साइबर क्राइम मंडी पुलिस स्टेशन में दर्ज हुआ है। इस मामले में भी युवक ने एक विदेशी लडक़ी से दोस्ती के चक्कर में 17 लाख रुपए लुटा दिए। इस मामले में अब पुलिस ने एक दिल्ली से एक नाइजीरियन मूल के व्यक्ति को हिरासत में लिया है। एक साल बाद पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली है। शिकायतकर्ता से बात करने वाली विदेशी लडक़ी और कोई नहीं, बल्कि पकड़ा गया नाइजीरियन ही निकला है। जानकारी के हिमाचल प्रदेश स्टेट सीआईडी के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मध्य खंड मंडी में 25 अगस्त, 2023 को रुपए 17 लाख की आनलाइन धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें शिकायतकर्ता की फेसबुक के माध्यम से एक विदेशी लडक़ी के साथ दोस्ती होती है तथा वह विदेशी लडक़ी शिकायतकर्ता से मिलने के लिए विदेश से भारत आती है।
इसके बाद वह शिकायतकर्ता को बताती है कि उसे दिल्ली में कस्टम आफि सर ने पकड़ लिया है, क्योंकि उसके पास बहुत सारी विदेशी करंसी है। जिस पर शिकायतकर्ता से कस्टम चार्जिज और विभिन्न प्रकार के चार्जिज के नाम पर 17 लाख रुपए की ठगी की जाती है। इसके बाद शिकायतकर्ता को जब ठगी का एहसास हुआ, तो उसनेे साइबर क्राइम थाना मंडी पहुंच कर सारी आपबीती सुनाते हुए मामला दर्ज करवाया। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मध्य खंड मंडी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनमोहन सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय बिलासपुर में पेश किया गया और तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया।


