आवाज जनादेश / न्यूज ब्यूरो शिमला
सुंदरनगर (मंडी)। नाचन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उपेंद्र ठाकुर ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को भेजे त्यागपत्र में उपेंद्र ठाकुर ने कहा है कि कुछ नेता उन्हें पसंद नहीं करते हैं और उनकी शह पर उनके चहेते अधिकारी और कार्यकर्ताओं उनका उपहास उड़ाते हैं।
उन्होंने उनके साथ अभद्र व्यवहार होने और गाली गलौज करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उपेंद्र ठाकुर का कहना है कि यह बेइज्जती उनके बर्दाश्त से बाहर है। वे पार्टी के साधारण और निष्ठावान कार्यकर्ता के रूप में ही अपनी सेवाएं देंगे। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव से पहले उपेंद्र ठाकुर को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति दी गई थी, लेकिन करीब डेढ़ वर्ष के कार्यकाल के बाद उन्होंने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से अपने पद से त्यागपत्र देने से साफ है कि नाचन में कांग्रेस नेताओं में गुटबाजी चरम सीमा पर है। यहां पर एक दर्जन से अधिक नेता पहले टिकट के तलबगार रहे हैं। इस गुटबाजी के चलते ही पिछले दो दशक से विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत यहां से न हो पाई है और न लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह को लीड मिल पाई। इधर, उपेंद्र ठाकुर ने कहा है कि उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष को अपना त्यागपत्र भेज कर तुरंत इसे स्वीकार करने का अनुरोध किया है।