धर्मपुर (मंडी)
पंचायत चुनावों को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में धर्मपुर में जिला परिषद व पंचायत समिति के प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, जिला परिषद के तीन वार्डों के लिए कुल 12 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं पंचायत समिति के लिए 104 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, जिससे मुकाबला काफी रोचक होने की संभावना है।
इस बीच आज पंचायत समिति चुनाव के लिए दो प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस ले लिए। इस संबंध में एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि नाम वापसी की प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हुई है।
चुनाव चिन्ह मिलने के बाद अब सभी प्रत्याशी पूरी तरह से प्रचार-प्रसार में जुट गए हैं। क्षेत्र में चुनावी माहौल गरमाता जा रहा है और आने वाले दिनों में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है।


