“स्व. वीरभद्र सिंह ने जिस चेहरे की चेतावनी दी थी, आज वही कांग्रेस सरकार में दिख रहा है : हर्ष महाजन”

Date:

कांग्रेस सरकार ने हिमाचल में लोकतंत्र का गला घोंट दिया, जनादेश को हाईजैक करने का हो रहा प्रयास : हर्ष महाजन

जहां कांग्रेस के पास बहुमत, वहीं कराए जा रहे चुनाव; भाजपा समर्थित निकायों में जानबूझकर रोकी जा रही प्रक्रिया : हर्ष महाजन

अधिकारियों पर भारी राजनीतिक दबाव, संविधान और अपने विवेक के अनुसार करें कार्य : भाजपा

शिमला। भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने और जनता के जनादेश का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है, जब नगर निगमों, नगर परिषदों, नगर पंचायतों, ब्लॉक समितियों और जिला परिषदों में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव इतने लंबे समय तक लंबित रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि चुनाव नहीं हो सकते, बल्कि कांग्रेस सरकार उन्हें जानबूझकर नहीं होने दे रही है।

हर्ष महाजन ने कहा कि जहां कांग्रेस के पास बहुमत है, वहां अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव तत्काल कराए जा रहे हैं, जबकि जिन निकायों में भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों को स्पष्ट बहुमत प्राप्त है, वहां चुनाव प्रक्रिया को जानबूझकर टाला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार का उद्देश्य जनता के जनादेश को स्वीकार करना नहीं, बल्कि सत्ता के दुरुपयोग के माध्यम से उसे हाईजैक करना है।

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान सरकार ने बार-बार नियमों में संशोधन किए ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित किया जा सके। कभी आरक्षण व्यवस्था में बदलाव किए गए तो कभी नए-नए नोटिफिकेशन जारी कर चुनावी प्रक्रिया को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। हाल ही में किए गए संशोधनों से जिलाधीशों और एसडीएम को ऐसे अधिकार दिए गए हैं जिनका दुरुपयोग राजनीतिक दबाव में किया जा सकता है और चुनावों को अनिश्चितकाल तक टालने की स्थिति पैदा हो सकती है।

राज्यसभा सांसद ने कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा समर्थित निर्वाचित प्रतिनिधियों पर दबाव बनाया जा रहा है। उनके परिवारों को प्रताड़ित किया जा रहा है, झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं तथा प्रशासनिक एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक प्रतिशोध के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए अत्यंत खतरनाक प्रवृत्ति है।

हर्ष महाजन ने प्रदेश के सभी प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी राजनीतिक दबाव में आए बिना संविधान, कानून और अपने विवेक के अनुसार कार्य करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी सरकार के नहीं, बल्कि संविधान के प्रति जवाबदेह हैं और उनकी कलम का उपयोग केवल न्याय, निष्पक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान वर्तमान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की कार्यशैली को लेकर जो बातें कही थीं, आज वे एक-एक कर सच साबित होती दिखाई दे रही हैं। प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार का वास्तविक चेहरा देख चुकी है।

हर्ष महाजन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी और जनादेश के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश की जनता समय आने पर कांग्रेस सरकार की जनविरोधी और लोकतंत्र विरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

धर्मपुर में 30 जून से 4 जुलाई तक विभिन्न क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित

पेड़ों की कटाई-छंटाई व विद्युत लाइनों के रखरखाव के...