आवाज जनादेश न्यूज ब्यूरो रिकांगपियो / सी० चीला नेगी
होजो नाला परियोजना समीक्षा समिति के निरंतर संघर्ष और सतत प्रयासों के फलस्वरूप प्रशासन के माध्यम से बृज गोपाल कंस्ट्रक्शन कंपनी ने 17 दिसंबर 2025 को आयोजित एडीएम बैठक में क्षतिपूर्ति देने, मलबा हटाने तथा अप्रैल 2026 तक परियोजना की बहाली का लिखित वादा किया था।
इसके बाद 27 दिसंबर 2025 को हुई साइट विजिट और 6 जनवरी 2026 को जल शक्ति विभाग द्वारा जारी पत्र के माध्यम से कंपनी को पाइपलाइन और वाल्व की निर्धारित स्पेसिफिकेशन का पालन करने के लिए बाध्य किया गया। समिति ने प्रशासन के जरिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए लगातार दबाव बनाए रखा।
इसी क्रम में अब सोमवार, 12 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे डिसिल्टिंग टैंक के निर्माण कार्य की शुरुआत से पहले विधिवत पूजा का आयोजन किया जाना तय हुआ है। इस अवसर पर पूरे ग्रामवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है, ताकि ग्राम की एकजुटता से यह महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो सके।
उप प्रधान पूह दोर्जे ने कहा है कि परियोजना के तहत एमएस पाइप का कोटेशन भी प्राप्त हो चुका है और उम्मीद जताई जा रही है कि अप्रैल 2026 तक यह योजना पूरी तरह से चालू हो जाएगी।
वहीं ग्राम पंचायत पूह के प्रधान, ग्राम पंचायत के अन्य सदस्यों और एलआईएस होजो नाला रिव्यू कमेटी के संयुक्त प्रयासों से बृज गोपाल कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा सड़क निर्माण के दौरान उठने वाली धूल से हो रहे प्रदूषण की रोकथाम के लिए पानी छिड़काव की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर दी गई है। ग्रामवासियों की शर्तों के अनुसार निर्माण कार्य करवाने के लिए ग्राम पंचायत और समिति के सदस्यों द्वारा किया गया यह सामूहिक प्रयास सराहनीय बताया जा रहा है।
ग्राम पंचायत पूह के प्रधान, अन्य सदस्यों और एलआईएस होजो नाला रिव्यू कमेटी के सदस्यों ने ग्रामवासियों से अपील की गई है कि वे 12 जनवरी को होने वाली पूजा में अवश्य शामिल होकर इस जनहितकारी परियोजना को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।


