आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि रेणुका बांध का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा। एफसीए क्लीयरेंस के कारण परियोजना लंबित है, लेकिन सभी बाधाओं को दूर करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार ने अध्यापकों के 6000 पद स्वीकृत किए हैं। 3000 अध्यापकों को बैचवाइज नियुक्ति दी गई है और 3000 पदों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। वर्तमान सरकार नए संस्थान खोलने के बजाय पहले से खोले संस्थानों में अधोसंरचना और स्टाफ प्रदान करने को प्राथमिकता दे रही है।
वर्ष 2027 तक आत्मनिर्भर हिमाचल बनेगा
इससे पहले परंपरा के अनुसार सुक्खू ने अंतरराष्ट्रीय रेणुका मेले का विधिवत शुभारंभ करके देव पालकियों को उठाया और शोभायात्रा की अगुवाई भी की। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन से हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया है और अनेक सुधारों के परिणामस्वरूप प्रदेश की अर्थव्यवस्था सही दिशा में आगे बढ़ रही है। फिर दोहराया कि हिमाचल प्रदेश को राज्य सरकार वर्ष 2027 तक आत्मनिर्भर तथा वर्ष 2032 तक सबसे समृद्ध राज्य बनाने के लिए प्रयासरत है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कई सार्थक कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं, सुक्खू ने पच्छाद में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने प्रदेश में चुनावी लाभ के लिए बिना किसी बजट प्रावधान के नए स्कूलों की अधिसूचनाएं जारी की थीं। इनमें सुविधाओं के नाम कुछ भी नहीं किया गया। कहा कि पूर्व सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश गुणात्मक शिक्षा के मामले में देश भर में 21वें स्थान पर पहुंच गया।
लगता है सियासत छोड़ समोसे की दुकान खोलने वाले हैं जयराम
सुक्खू ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के समोसा खाने पर चुटकी लेते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि जयराम राजनीति छोड़कर समोसे की दुकान खोलने वाले हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने सत्ता सुख के लिए पांच हजार करोड़ की रेवड़ियां बांटकर प्रदेश की जनता को बेवकूफ बनाया है। उन्होंने कहा कि वह अंदर और बाहर, दोनों तरफ चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। इन चुनौतियों का सामना करने के लिए जनता के सहयोग की दरकार है।


