धर्मपुर (मंडी)
सरकाघाट से प्रतिदिन सुबह 6:45 बजे चलने वाली सरकाघाट–बल्याना मढ़ी बस सेवा पिछले तीन दिनों से संचालित नहीं किए जाने के कारण क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बस सेवा बंद रहने से लगभग आधा दर्जन पंचायतों के ग्रामीणों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा दैनिक यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई है। विशेष रूप से स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को समय पर अपने शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इस समस्या को लेकर बुधवार को समाजसेवी विजय ठाकुर ने सरकाघाट बस अड्डे के अड्डा प्रभारी से मुलाकात कर बस सेवा को तत्काल प्रभाव से बहाल करने की मांग उठाई। इस दौरान उन्होंने एक मांगपत्र भी सौंपा और कहा कि यह बस सेवा क्षेत्र के लोगों के लिए जीवनरेखा का कार्य करती है। इसके बंद रहने से दूरदराज के गांवों के लोगों को निजी वाहनों और महंगे साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है।
विजय ठाकुर ने कहा कि बल्याना मढ़ी रूट पर पड़ने वाली कई पंचायतों के ग्रामीण प्रतिदिन रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए इसी बस सेवा पर निर्भर रहते हैं। पिछले तीन दिनों से बस न चलने के कारण लोगों में भारी नाराजगी है। उन्होंने बताया कि कई स्कूली बच्चे और छात्र-छात्राएं समय पर स्कूल एवं कॉलेज नहीं पहुंच पा रहे हैं, जबकि बुजुर्गों और मरीजों को भी अस्पतालों तथा अन्य जरूरी कार्यों के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने परिवहन विभाग और एचआरटीसी प्रबंधन से मांग की कि जनहित को देखते हुए इस बस सेवा को बिना किसी देरी के पुनः शुरू किया जाए। साथ ही भविष्य में इस तरह की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बार-बार परेशान न होना पड़े।
स्थानीय लोगों राकेश कुमार, रामसिंह, प्यार चंद, रूप लाल, संजय कुमार ने भी चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र बस सेवा बहाल नहीं की गई तो क्षेत्रवासियों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन ही आवागमन का मुख्य साधन है और ऐसी सेवाओं का लगातार प्रभावित होना आम जनता के हितों के साथ खिलवाड़ है।
उधर, अड्डा प्रभारी योगराज ने समाजसेवी द्वारा सौंपे गए मांगपत्र को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने तथा समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। क्षेत्र के लोगों को अब बस सेवा के शीघ्र बहाल होने की उम्मीद है।


