शिक्षित बेरोजगार संघ ने सरकार के खिलाफ निकली रोष रैली
आवाज जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
शिक्षित बेरोजगार संघ द्वारा हमीरपुर में प्रदेश सरकार के खिलाफ एक रोष रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में प्रदेश सरकार द्वारा चयन आयोग के माध्यम से भर्तियां न करने और अपने घोषणा पत्र में 5 लाख युवाओं को रोजगार देने के अपने वायदे को पूरा न करने पर रोष प्रकट किया गया। इन युवाओं ने मांग की कि जल्द से जल्द प्रदेश में युवाओं के लिए राज्य चयन आयोग द्वारा भर्तियां खोली जाएं और उम्रदराज हो रहे युवाओं को नौकरियों में कुछ साल की उम्र की छूट भी दी जाए।
इस अवसर पर शिक्षित बेरोजगार संघ के अध्यक्ष प्रिंस शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की मुख्य गारंटियों में 5 लाख युवाओं को रोजगार देने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक सरकार ने उस पर कोई कदम नहीं उठाया। उन्होंने प्रदेश सरकार के राज्य चयन आयोग के गठन का स्वागत किया, लेकिन साथ ही कहा कि यह नाम मात्र ही है और अभी तक इसके माध्यम से कोई भर्ती नहीं की गई है। प्रदेश में बेरोजगारी दर बढ़ रही है।


