मालरोड पर धक्का-मुक्की के दौरान सडक़ पर बिखरी सब्जियां
आवाज जनादेश / न्यूज ब्यूरो शिमला
संजौली मस्जिद विवाद की आग में सोमवार को सोलन भी सुलग गया। विभिन्न हिंदू संगठनों से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सोमवार को शहर में जबरदस्त रैली निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विशेष समुदाय के लोगों की दुकानों पर लाल पेंट से चिन्ह लगाए और सामान न लेने का आह्वान किया। वहीं मालरोड पर खुली सब्जी की एक दुकान को जबरन बंद करवाने को लेकर सब्जी विक्रेता के साथ झड़प हुई। इस दौरान धक्का-मुक्की के दौरान सब्जियां सडक़ पर बिखर गईं। इससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण बन गया। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस ने मामले को शांत करवाया। व्यापार मंडल सोलन के आह्वान पर व्यापारियों ने दिन के 12 बजे तक दुकानें पूरी तरह बंद रखी।
रैली में प्रदर्शन कर रहे कई युवा पुलिस से उलझते भी नजर आए। सोमवार को सोलन में प्रात: दस बजे से ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता चिल्ड्रन पार्क के समीप इकट्ठा होने शुरू हो गए। इसके पश्चात रैली के रूप में माल रोड होते हुए शहर के मुख्य बाजार का चक्कर लगाया और इस दौरान कुछ जगहों पर हल्की धक्का-मुक्की भी हुई, लेकिन बात यहीं पर संभल गई। सोलन बाजार में जय श्रीराम के नारों के साथ यह कार्यकर्ता आगे बढ़ते रहे। पूरे बाजार में जारी रहा यह प्रदर्शन ठोडो ग्राउंड पहुंचकर समाप्त हुआ। सोलन मालरोड, गंज बाजार, अपर बाजार, कोटला नाला, चंबाघाट व सब्जी मंडी के आसपास के क्षेत्रों में व्यवसायिक परिसर पू्री तरह से बंद रहे। इस दौरान माल रोड पर स्थित मस्जिद के सामने बैठकर कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त नारेबाजी भी की।
घुसपैठियों की बढ़ी तादाद
रैली में शामिल भाजपा की एक वरिष्ठ नेत्री रितु सेठी ने चिल्ड्रन पार्क में बनी मजार को भी हटाने की मांग करते हुए कहा कि हिमाचल में घुसपैठियों की तादाद बढ़ रही है तथा जनसंख्या असंतुलन होता जा रहा है।


