नशेड़ी प्रवासी मजदूर ने थाने आकर दी थी झूठी सूचना
आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
टौणी देवी : बल्ह गांव के बल्ह नाला में 7 प्रवासियों को तेंदुए द्वारा मारने की अफवाह से मंगलवार सुबह दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार सुबह 7 बजे प्रवासी मजदूर विनोद ने पुलिस थाना हमीरपुर में आकर बताया कि उसके साथ रहने वाले सात प्रवासी मजदूरों को बल्ह नाला में तेंदुए ने मार डाला है।
इन सातों लोगों में दो से तीन बच्चे भी बताए गए। सूचना मिलने पर तुरंत सदर थाना हमीरपुर के एसएचओ ललित महंत की अगुवाई में टीम गठित की गई और बल्ह नाले में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन करीब 2 घंटे बाद तक वहां पर कोई भी नहीं मिला। इस दौरान वन विभाग के आरओ के साथ उनकी टीम ने भी सर्च ऑपरेशन में भाग लिया।
काफी देर बाद पता चला कि प्रवासी विनोद नशे का आदी है और हमेशा नशे में धुत रहता है। रात को भी विनोद नशे में धुत था और सुबह पुलिस थाने चला गया था।
एसएचओ ललित महंत ने बताया कि पुलिस और वन विभाग की टीम ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन मौके पर कुछ नहीं मिला। यह पाया गया कि प्रवासी मजदूर नशे का आदी है और इसी हालत में उसने पुलिस को सूचना दी थी।
वहीं वन विभाग के आरओ ने बताया कि विभाग को तेंदुए द्वारा सात लोगों पर हमला करने के बाद मारे जाने की सूचना मिली थी। इस पर बल्ह नाला में जाकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन वहां पर ऐसा कुछ नहीं पाया गया है। यह मात्र एक अफवाह ही रही है।