सभी दलों ने की सद्भावना बनाए रखने की अपील
आवाज जनादेश / न्यूज ब्यूरो शिमला
संजौली मस्जिद विवाद के बाद उपजे हालात को लेकर शुक्रवार को बुलाई गई सर्वदलीय बैठक के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि बैठक में सभी ने चर्चा के बाद फैसला लिया कि आपसी सहमति से सद्भावना बनाए रखेंगे। बैठक में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के अलावा भाजपा नेता रणधीर शर्मा, सीपीएम के प्रदेश सचिव राकेश सिंघा और आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरजीत ठाकुर के अलावा शिमला शहरी के विधायक हरीश जनारथा शामिल हुए। सीएम सुक्खू ने कहा कि संजौली से लेकर मंडी जैसे मस्जिद में अवैध निर्माण के मामलों में कानून के तहत कार्रवाई होगी। किसी को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं है। हमें अब संजौली मस्जिद विवाद से आगे बढऩा होगा। सभी दलों को राजनीतिक रोटी सेंकने से परहेज करना होगा और हिमाचल में सौहार्द बनाए रखने की ओर कदम बढ़ाने होंगे।
एक झगड़े के बाद माहौल बिगड़ा और ऐसे हालात पैदा हुए। व्यापारी से लेकर आम जन प्रभावित न हो, यह सुनिश्चित करना होगा। हिमाचल में सभी को काम करने का अधिकार है। हिमाचल में सभी धर्मों का सम्मान है। सभी मिलकर सौहार्द का वातावरण बनाएंगे। सीएम सुक्खू ने कहा कि इस मामले में जो भी काम होगा, कानून के दायरे में होगा। संजौली मस्जिद में जितनी भी अवैध मंजिलें बनी हैं, उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत हटाया जाएगा। मंडी में मुस्लिम समुदाय अवैध निर्माण को खुद तोड़ता है, तो ठीक है, वरना कानून अपना काम करेगा। सभी को प्रदर्शन का अधिकार है, लेकिन हिमाचल प्रदर्शन वाला प्रदेश नहीं है। शिमला में यह मामला स्ट्रीट वेंडिंग जोन के कारण भडक़ा। विधानसभा में दिए बयान के अनुसार स्ट्रीट वेंडर्स की समस्या पर कमेटी जल्द बनेगी। विधानसभा अध्यक्ष से बात करके कमेटी की रूपरेखा तैयार की जाएगी।