प्रजापिता ब्रह्मा कुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय सोलन द्वारा धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस
आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
प्रजापिता ब्रह्मा कुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय सोलन द्वारा धूमधाम से शिक्षक दिवस मनाया गया। इसमें नौणी यूनिवर्सिटी के वीसी डॉ. राजेश्वर सिंह चंदेल मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित हुए, जबकि शूलिनी यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति पीके खोसला, सिल्ब की डायरेक्टर सरोज खोसला, नौणी यूनिवर्सिटी के डीन डॉ. केके रैना व एसडी स्कूल के प्रिंसिपल आरसी शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में ब्रह्मा कुमारीज के नॉर्थ जोन के यूथ को-ऑर्डिनेटर बीके अरुण मौजूद रहे। इस कार्यक्रम में 200 से अधिक साइंटिस्ट, प्रिंसिपल, लेक्चरर व अन्य शिक्षकों ने भाग लिया। बता दें कि हर वर्ष शिक्षक दिवस 5 सितंबर को मनाया जाता है। प्रजापिता ब्रह्मा कुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय सोलन द्वारा इस बार एडवांस में ही शिक्षक दिवस मनाया गया।
मुख्यातिथि डॉ. राजेश्वर सिंह चंदेल ने अपने संबोधन में कहा कि आप आज भी बच्चों के हीरो हैं। जिन बच्चों में स्किल है, जो कुछ करना चाहते हैं, उन पर मेहनत करने की आवश्यकता है। इसलिए बच्चों को आपके पास भेजा जाता है। अध्यापक अपने रोल को सुनिश्चित करें। उन्होंने संस्था के सामने नशा मुक्त नौणी बनाने में सहयोग का प्रस्ताव रखा। वहीं बीके अरुण ने कहा कि हर शिक्षक का यही लक्ष्य होना चाहिए कि बच्चों का हम कितना गुणों व अच्छे संस्कारों से श्रृंगार कर रहे हैं। शिक्षक शॉपिंग मॉल की तरह है। बच्चो को देने के लिए शिक्षक के पास हर वैल्यू होनी चाहिए। शिक्षकों को उन बच्चों पर कार्य करना है, जो बिगड़ रहे हैं। उनका भविष्य उज्जवल बनाना है।
विशिष्ट अतिथि प्रो. पीके खोसला ने कहा कि हमारा देश विश्व गुरु था, आज नहीं है क्योंकि हमारी फौज कमजोर हो गई है। उन्होंने कहा कि बाह्य और आंतरिक रूप से स्वयं को भी और बच्चों को भी स्पिरिचुअल मजबूत बनाना है। शिक्षक मानव जीवन के आर्किटेक्ट हैं। बीके सुषमा दीदी ने कहा कि अपने स्टूडेंट को शुभकामनाएं दीजिए। जो कमजोर ऊर्जा वाले हैं, उन बच्चों को हेल्दी थॉट्स की वाइब्रेशन दें। उन शिक्षकों को दुनिया अवार्ड दे या ना दे, लेकिन सुप्रीम टीचर जरूर अवार्ड देगा।
डॉ. केके रैना ने सभी अतिथियों व शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। संध्या चौहान ने सभी को प्रतिज्ञा करवाई। अंत में राजयोग का अभ्यास भी किया गया। सभी शिक्षकों को फूल, ब्लेसिंग कार्ड और केक दिया गया। बीके बबीता ने बखूबी मंच का संचालन किया।


