कोलकाता रेप केस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का छलका दर्द
आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
कोलकाता में जूनियर डाक्टर के साथ रेप और मर्डर केस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का बड़ा बयान आया है। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि मैं बहुत निराश और भयभीत हूं। बेटियों के खिलाफ अपराध बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। बस, अब बहुत हुआ। महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अत्याचार पर राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि जब छात्र, डाक्टर और नागरिक कोलकाता में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तब भी अपराधी अन्य जगहों पर घात लगाए बैठे थे।
राष्ट्रपति ने कोलकाता की घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी सभ्य समाज में महिलाओं के खिलाफ इस तरह के अत्याचार की अनुमति नहीं दी जा सकती। समाज को भी ईमानदार, निष्पक्ष और आत्मनिरीक्षण होना चाहिए। अक्सर निंदनीय मानसिकता वाले लोग महिलाओं को कम इनसान, कम शक्तिशाली, कम सक्षम, कम बुद्धिमान के रूप में देखते हैं। कोई भी सभ्य समाज बेटियों और बहनों पर इस तरह के अत्याचारों की अनुमति नहीं दे सकता।


