लिखकर देता हूं बीजेपी में नहीं जाऊंगा
आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
चुनाव आयोग ने हाल ही में हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 की तारीखों की घोषणा की थी। राज्य की सभी 90 सीटों पर एक ही चरण में पहली अक्तूबर को मतदान होंगे और नतीजे चार अक्तूबर को जारी किए जाएंगे। ऐसे चुनावी माहौल में पार्टियों ने अपनी कमर कसनी शुरू कर दी है। इस बीच जननायक जनता पार्टी के नेता दुष्यंत चौटाला ने एक तरफ कांग्रेस पर निशाना साधा।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी बीजेपी के साथ गठबंधन नहीं करेगी। पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि मैं आपको लिखकर यह भरोसा दिलाता हूं कि मैं भारतीय जनता पार्टी में नहीं जाऊंगा। इसके अलावा जब चौटाला से 2024 के लोकसभा चुनाव में उनकी हार के बारे पूछा गया, तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि वह इसे संकट के तौर पर नहीं लेते। उनका मानना है कि जो होना लिखा था, वह हो गया। हमारी पार्टी पिछली बार भी किंगमेकर थी और आने वाले समय में आप देखेंगे कि जेजेपी हरियाणा के लिए सबसे ज्यादा अहम पार्टी होगी।
खट्टर बोले, उन्हें गठबंधन के लिए बुलाया ही किसने
कुरुक्षेत्र। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला पर निशाना साधा। जननायक जनता पार्टी (जजपा) के प्रमुख चौटाला के भाजपा के साथ दोबारा न जाने के बयान पर खट्टर ने कहा कि आखिर उन्हें गठबंधन के लिए बुलाया किसने है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा अपने दम पर तीसरी बार सरकार बनाकर रिकॉर्ड कायम करेगी।


