नवनिर्वाचित विधायक कमलेश ठाकुर ने स्वयं किया व्यवस्थाओं का निरीक्षण
आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार ने इस वर्ष राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह जिला कांगड़ा के देहरा में मनाने का निर्णय लिया है। ब्यास के किनारे बसा देहरा और यहां के निवासी अपने यहां इस वर्ष मनाए जाने वाले राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को बड़ी उत्सुकता से देख रहे हैं। देहरा का शहीद भुवनेश डोगरा मैदान आजादी के जश्न के लिए पूरी तरह सज गया है। विधायक देहरा कमलेश ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 15 अगस्त को यहां राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे। कमलेश ठाकुर ने बुधवार को यहां राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर, आशीष बुटेल व किशोरी लाल भी मुख्यमंत्री के साथ मंच पर उपस्थित रहेंगे। उनके साथ उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक भवानी पठानिया,रघुबीर सिंह बाली, विधायक कमलेश ठाकुर अन्य विधायक गण भी मौजूद रहेंगे। राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, डीजीपी डा. अतुल वर्मा, प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी और जिला के अधिकारी भी देहरा आएंगे।
11 बजे पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
देहरा के शहीद भुवनेश डोगरा ग्राउंड में सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आगमन होगा। इसके बाद राष्ट्रीय गान के साथ ध्वजारोहण किया जाएगा। राष्ट्रीय ध्वज को फहराने के बाद मुख्यमंत्री परेड का निरीक्षण करेंगे। मार्च पास्ट के बाद मुख्यमंत्री प्रदेश के नाम अपना संबोधन देंगे तथा राज्य स्तरीय पुरस्कार विजेताओं को पुरस्कार वितरण करेंगे।
डा. राकेश कुमार को मिलेगा प्रेरणा स्रोत सम्मान
शिमला — इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड के अध्यक्ष एवं हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद के चीफ मेंटर डा. राकेश कुमार गुरुवार 15 अगस्त, को प्रेरणा स्रोत सम्मान 2024 से अलंकृत होंगे। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू देहरा में होने जा रहे राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के अवसर पर डा. राकेश कुमार को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान करेंगे। डा. राकेश कुमार को उनके विश्वस्तर पर हस्तशिल्प, व्यापार एवं निर्यात संवद्र्धन के क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य के लिए हिमाचल प्रदेश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रेरणा स्रोत सम्मान 2024 से सम्मानित किया जाएगा। डा. राकेश कुमार ने हिमाचल प्रदेश में कौशल विकास, स्वास्थ्य, स्पोट्र्स, शिल्प, व्यंजन कला एवं संस्कृति संवद्र्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित होंगे ये लोग
’सिविल सर्विस अवार्ड’
राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले व्यक्तियों को राज्य स्तरीय पुरस्कार से मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे। सिविल सर्विस अवार्ड के लिए राजस्व विभाग व डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं शासन विभाग को राज्य में रेवेन्यू मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल को विकसित करने व इसे सफलतापूर्वक लागू करने के लिए सिविल सर्विस अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभागों के सचिव प्रियतु मंडल, पटवारी के पद पर नियुक्त पंकज शर्मा, डिवेलपर कंसल्टेंट राकेश ठाकुर, असिस्टेंट प्रोग्रामर पवन कुमार को भी सिविल सर्विस अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
प्रेरणा स्रोत अवार्ड
कांगड़ा जिला के एक छोटे से गांव खडूल से संबंध रखने वाले हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद् के महानिदेशक डा. राकेश कुमार, बिलासपुर जिले से संबंध रखने वाले प्रसिद्ध चिकित्सक डा. महेश वर्मा, पद्मश्री तथा दिव्य मानव ज्योति सेवा ट्रस्ट, डैहर के संस्थापक सत्य प्रकाश शर्मा को प्रेरणा स्रोत अवार्ड से मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे।
हिमाचल गौरव पुरस्कार
कुल्लू जिले से संबंध रखने वाले केहर सिंह ठाकुर, ठियोग तहसील के तहत जरासी गांव से संबंध रखने वाले प्रो. केशव राम शर्मा और राज्य कर एवं आबकारी विभाग में सहायक आयुक्त के पद पर कार्यरत पूनम ठाकुर को हिमाचल गौरव पुरस्कार दिया जाएगा। कौन बनेगा करोड़पति कार्यक्रम में भाग लेने वाले शिमला के छठी कक्षा के विद्यार्थी अरुणोदय शर्मा को विशिष्ट सम्मान दिया जाएगा।
हिमाचल गौरव पुरस्कार पाएंगे केहर सिंह ठाकुर
केहर सिंह ठाकुर पिछले 26 सालों से कुल्लू में अपने नाट्स गु्रप एक्टिव मोनाल कल्चरल एसोसिएशन के साथ रंगमंच के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहे हैं। हिमाचल पृष्ठभूमि तथा संस्कृति से ओतप्रोत अपने उत्कृष्ट नाटकों का मंचन देशभर में करते आए हैं। उन्होंने कई राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय नाटयोत्सवों में हिस्सा लिया है। वह अपनी संस्था के बेनर तले कुल्लू में ही अपनी संस्था के नाटकों का कुल्लू रंग मेला, जिलास्तरीय कुल्लू नाटयोत्सव, राज्यस्तरीय हिमाचल नाट्स महोत्सव तथा राष्ट्रीय कुल्लू राष्ट्रीय नाट्स महोत्सव का आयोजन हर साल करवाते हैं। केहर सिंह ठाकुर को मुख्यमंत्री सुक्खू देहरा में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में हिमाचल गौरव पुरस्कार से सम्मानित करेंगे।
सहायक आयुक्त पूनम ठाकुर को गौरव पुरस्कार
आबकारी एवं कराधान विभाग में राज्य सहायक आयुक्त पूनम ठाकुर को हिमाचल गौरव पुरस्कार से नवाजा जा रहा है। उन्हें इस पुरस्कार से मुख्यमंत्री सुाखविंदर सिंह सुक्खू राज्यस्तरीय स्व्तंत्रता दिवस समारोह के दौरान देहरा में सम्मानित करेंगे। पूनम ठाकुर ने इस पुरस्कार के लिए अपने विभाग समेत राज्य सरकार का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार उन्हें भविष्य में काम को और भी बेहतर ढंग से करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस तरह से किसी कर्मचारी या अधिकारी को सम्मानित करती है, तो यह उनके लिए हमेशा से गौरव की बात रहती है।