नगर परिषद ठियोग ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रवैया अपनाते हुए अतिक्रमण करने वालों को जल्द जगह खाली करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे कब्जाधारक खुद कब्जों को नहीं हटाएंगे तो कार्रवाई की जाएगी। इसी कड़ी में नगर परिषद ने सब्जी मंडी के सामने बनाए गए शेड का निर्माण करने वाले से ही उस शेड को तुड़वा दिया।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी वरुण शर्मा ने बताया कि सब्जी मंडी के सामने अतिक्रमण करके एक शेड का निर्माण किया गया था। परिषद ने नोटिस देते हुए अतिक्रमणकारी को कार्यालय बुलाकर अवैध शेड तोड़ने के निर्देश दिए। अवैध कब्जा न छोड़ने की सूरत में कानूनी कार्रवाई करने के लिए समयसीमा निर्धारित की गई थी। उन्होंने बताया कि समयसीमा के भीतर कब्जाधारी से शेड को तुड़वा दिया है। कस्बे के विभिन्न वार्डो में अतिक्रमण की कई शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि शहर में अवैध तौर पर किए गए कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। नगर परिषद बैठक में कब्जों को हटाने पर पार्षदों की थी सहमति
परिषद की पिछली दिनों हुई बैठक में कब्जों को हटाने पर पार्षदों ने सहमति जताई थी। कब्जों को हटाने के लिए सभी पार्षदों ने सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी कब्जाधारकों को नोटिस दिए गए हैं। सभी अतिक्रमण करने वालों को अपने अवैध रूप से निर्मित शेड व अन्य निर्माण तोड़ने की अपील की गई है। यदि कब्जाधारी स्वयं कब्जों को नहीं तोड़ते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


