आवाज़ जनादेेन -: भुट्टिको देश में एक प्रतिष्ठित ब्राण्ड के तौर पर स्थापित हो चुका है और अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी इसकी मांग हो रही है। यह बात उपायुक्त डॉ. ऋचा वर्मा ने आज शमशी स्थित भुट्टिको के सभागार भुट्टिको वीवर्ज के संस्थापक स्व. ठाकुर वेद राम की जंयती के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही।
डॉ. ऋचा वर्मा ने कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में भुट्टिको एक मिसाल बनकर उभरा है, जहां हजारों लोग इससे जुड़े हैं और अपने परिवारों का भरण-पोषण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सराहनीय है कि भुट्टिको ने गुणवत्ता को लेकर कभी समझौता नहीं किया है और उपभोक्ता को कतई सोचने की आवश्यकता नहीं कि उत्पाद अव्वल नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान के लिए विश्वसनीयता स्थापित करना और इसे बनाए रखना बहुत आवश्यक होता है।
उपायुक्त ने कहा कि भुट्टिको में बनने वाली शॉल और टोपी ने न केवल डिजाईन और गुणवत्ता को लेकर अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई है, बल्कि इनका सीधा संबंध हमारी संस्कृति से जुड़ चुका है। देश के किसी भी कोने में यहां टोपी अथवा शॉल उपलब्ध हो जाती है और उपयोग करने पर कोई भी कह देता है कि यह कुल्लवी टोपी है जो हमारे लिए गौरव की बात है।
डॉ. ऋचा वर्मा ने कहा कि भुट्टिको वीवर्ज टोपी और शॉल के आकर्षक डिजाइनों के अलावा बहुत से अन्य उत्पाद भी तैयार कर रही है जो बाजार में काफी प्रचलित हैं। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को इस प्रकार की सहकारी समितियों के साथ जुड़ना चाहिए और स्थानीय उत्पादों का समुचित उपयोग कर अपनी आजीविका को बढ़ाना चाहिए। उन्होंने भुट्टिको से अपने उत्पादो के आउटलेट विदेशों में भी स्थापित करने का सुझाव दिया।
उपायुक्त ने इस मौके पर नेपाल सहकारी समिति के चेयरमैन गोविंद प्रसाद सिमरे, आपका फैसला समाचार पत्र के चेयरमैन सुरेश ठाकुर, उड़ीसा सहकारी बैंक की चेयरपर्सन इंदरा नंदा तथा गुरूग्राम से आए साहित्यकार अशोक जैन को अंतराष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए। इसी प्रकार, संतोष कुमार, प्रदीप ठाकुर, श्याम टंडन, हरंबस लाल, दीपक चंद शर्मा, किशन चंद महादेवलिया, डा. पी.डी. लाल व सीमर संतोष को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए।
इससे पूर्व, उपायुक्त ने इस अवसर पर पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर उनको श्रद्धांजलि भी अर्पित की। भुटिटको के चेयरमैन सत्य प्रकाश ठाकुर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और संस्था की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जल्द ही स्विट्जरलैंड और अन्य देशों में भी भुटिटको उत्पादों का आउटलेट स्थापित किए जाएंगे।
.0.
भुट्टिको राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रतिष्ठित ब्राण्ड : ऋचा वर्मा
Date:


