हिमाचल के चारों सांसदों ने ली शपथ

शिमला — लोकसभा पहुंचे चारों सांसदों ने सोमवार को सांसद पद की शपथ ग्रहण की। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से अनुराग ठाकुर, कांगड़ा संसदीय सीट से किशन कपूर और शिमला संसदीय सीट से सुरेश कश्यप पहली बार संसद पहुंचे हैं, जबकि मंडी सीट से रामस्वरूप शर्मा ने दूसरी बार सांसद की शपथ ली। संसद में सोमवार को शपथ ग्रहण समारोह के दौरान राज्य के चारों निर्वाचत सांसदों ने विधिवत रूप से इस पद की शपथ ली। हालांकि हमीरपुर संसदीय सीट से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर पहले ही केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री की शपथ ले चुके हैं। उल्लेखनीय है कि किशन कपूर ने चार लाख 77 हजार 623 मतों से जीत दर्ज की है। इसी तरह से रामस्वरूप शर्मा ने चार लाख पांच हजार 459 मतों से जीत दर्ज की। सुरेश कश्यप ने तीन लाख 27 हजार 515 मतों से जीते, जबकि अनुराग ठाकुर ने तीन लाख 99 हजार 572 मतों से जीत दर्ज की। ऐसे में अब प्रदेश के ये सांसद संसद में प्रदेश की आवाज बनेंगे।
सीएम का स्वागत
शिमला— मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का विदेश से लौटने के बाद सोमवार को हिमाचल सदन दिल्ली में सांसद रामस्वरूप शर्मा, किशन कपूर, सुरेश कश्यप व मण्डी जनकल्याण सभा के अध्यक्ष केआर वर्मा व सभा के अन्य पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री जर्मनी और नीदरलैंड से विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के एमओयू साईन करने के बाद स्वदेश लौटे हैं।


