बरसात शुरू होते ही धर्मपुर-सरकाघाट एनएच पर गिरने लगे पत्थर और लहासे, वाहन चालकों की बढ़ीं मुश्किलें

Date:

कैंची मोड़ के पास एक घंटे तक बाधित रहा राष्ट्रीय राजमार्ग, दोनों ओर वाहनों की लगी लंबी कतारें
एसडीएम जोगिंदर पटियाल बोले— एनएच निर्माण कंपनी को दिए सख्त निर्देश, सड़क बंद होते ही तत्काल बहाली करें, संवेदनशील स्थलों पर हर समय तैनात रखें जेसीबी मशीनें
धर्मपुर,(मंडी)
मानसून की शुरुआत के साथ ही धर्मपुर-सरकाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ों से पत्थर और लहासे गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। रविवार को धर्मपुर के समीप कैंची मोड़ के पास अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गिरने से राष्ट्रीय राजमार्ग लगभग एक घंटे तक पूरी तरह बाधित रहा। सड़क बंद होते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना के दौरान कई छोटे-बड़े वाहन मार्ग पर ही फंस गए। कुछ लोग जरूरी कार्यों के लिए जा रहे थे, जबकि कई यात्री घंटों तक सड़क खुलने का इंतजार करते रहे। गनीमत रही कि जिस समय मलबा गिरा उस समय कोई वाहन उसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलते ही एनएच निर्माण कंपनी की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और सड़क से पत्थर व मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद राजमार्ग को यातायात के लिए बहाल किया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी।
बरसात के मौसम में धर्मपुर-सरकाघाट एनएच पर कई स्थान ऐसे हैं जहां पहाड़ लगातार दरक रहे हैं। ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संवेदनशील स्थानों पर पहले से सुरक्षा इंतजाम और मशीनरी उपलब्ध रहनी चाहिए ताकि सड़क बंद होने पर लोगों को घंटों इंतजार न करना पड़े।
इस संबंध में एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल ने बताया कि एनएच निर्माण कंपनी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि बारिश के दौरान किसी भी स्थान पर सड़क बाधित होने की स्थिति में तत्काल बहाली सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जहां भूस्खलन की आशंका अधिक है, वहां हर समय जेसीबी मशीनें और आवश्यक स्टाफ तैनात रखा जाए ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी सलाह का पालन करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

धर्मपुर बनेगी स्वच्छ नगर पंचायत, खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर होगी सख्त कार्यवाही

खुलेआम कूड़ा फेंकने वालों पर लगेगा मोटा जुर्माना, स्वच्छ...

विबी-जी रामजी पर अफवाह फैलाने की बजाय उसका लाभ उठाए सुक्खू सरकार : जयराम ठाकुर*

*प्रदेश को बरगलाने के बजाय बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश...