खुलेआम कूड़ा फेंकने वालों पर लगेगा मोटा जुर्माना, स्वच्छ व सुंदर धर्मपुर बनाने के लिए नगर पंचायत ने शुरू किया अभियान
धर्मपुर, (मंडी)
धर्मपुर नगर पंचायत ने क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से खुले में कूड़ा-कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने का फैसला किया है। अब सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, नालों, खाली प्लॉटों तथा अन्य जगहों पर कूड़ा फेंकने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और उन पर मोटा जुर्माना भी लगाया जाएगा।
नगर पंचायत धर्मपुर पिछले काफी समय से क्षेत्र में जगह-जगह खुले में फेंके गए कूड़े-कचरे को एकत्रित कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने में जुटी हुई है। सफाई कर्मचारियों की टीमें लगातार वार्डों में सफाई अभियान चला रही हैं, लेकिन कुछ लोगों द्वारा लापरवाही से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंके जाने के कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
नगर पंचायत के वरिष्ठ सहायक दलेर सिंह राणा ने बताया कि धर्मपुर को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श नगर पंचायत बनाना प्रशासन का मुख्य लक्ष्य है। इसके लिए नियमित सफाई अभियान चलाया जा रहा है और प्रत्येक वार्ड में सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति खुले में कूड़ा फेंकते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ नगर पंचायत के नियमों के अनुसार कार्यवाही करते हुए जुर्माना लगाया जाएगा।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे घरों का कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा सफाई कर्मचारियों का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर पंचायत की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व भी है। यदि सभी लोग मिलकर स्वच्छता अभियान में सहयोग करेंगे तो धर्मपुर को प्रदेश की सबसे स्वच्छ और सुंदर नगर पंचायतों में शामिल किया जा सकता है।
नगर पंचायत ने लोगों से यह भी आग्रह किया है कि वे अपने आसपास सफाई बनाए रखें, प्लास्टिक एवं अन्य कचरा खुले में न फेंकें तथा स्वच्छ भारत मिशन की भावना को मजबूत बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। प्रशासन का मानना है कि जनसहयोग से ही स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर धर्मपुर का सपना साकार हो सकेगा।




धर्मपुर बनेगी स्वच्छ नगर पंचायत, खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर होगी सख्त कार्यवाही
Date:


