बीडीओ बालम राम ने पहली परिचयात्मक बैठक में शक्तियों, अधिकारों और योजनाओं की दी विस्तृत जानकारी
धर्मपुर, (मंडी)
धर्मपुर उपमंडल के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस सेंटर, सिधपुर में शुक्रवार को विकास खंड धर्मपुर के नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों की पहली परिचयात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) धर्मपुर बालम राम ने की। इस दौरान सभी नव-निर्वाचित प्रधानों का परिचय प्राप्त किया गया तथा उन्हें पंचायत प्रतिनिधि के रूप में उनकी जिम्मेदारियों, शक्तियों और अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
बीडीओ बालम राम ने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से ही गांवों का समग्र विकास संभव है। उन्होंने सभी प्रधानों से अपनी-अपनी पंचायतों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने, सरकारी योजनाओं का पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने का आग्रह किया।
बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं, पंचायतों की कार्यप्रणाली, वित्तीय प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, सामुदायिक परिसंपत्तियों के रखरखाव तथा अन्य विकास कार्यों से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने प्रधानों को पंचायतों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर बीडीओ बालम राम ने मनरेगा के स्थान पर लागू किए गए वीबी जीरामजी (VB- G-RAMJI) पोर्टल/प्रणाली के संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था के माध्यम से विकास कार्यों की योजना, निगरानी और क्रियान्वयन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं डिजिटल बनाया जाएगा। उन्होंने प्रधानों से नई प्रणाली को अच्छी तरह समझकर उसका सफलतापूर्वक उपयोग करने का आग्रह किया।
बैठक के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों की ओर से भी विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे गए, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से समाधान किया। साथ ही पंचायतों के समन्वित विकास के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर भी बल दिया गया।
इस अवसर पर पंचायत निरीक्षक संजय पराशर, विकास खंड धर्मपुर के सभी पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक, रोजगार सेवक तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
नवनिर्वाचित प्रधानों को विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का दिया संदेश
Date:


