लोकतंत्र की हत्या कर जनादेश हाईजैक करना चाहती है सुक्खू सरकार, भाजपा नहीं होने देगी सफल : डॉ. राजीव बिंदल

Date:

किसान, बागवान, युवा और महिलाओं से किए हर वादे पर कांग्रेस सरकार विफल, जनता 2027 में देगी करारा जवाब : डॉ. राजीव बिंदल

भाजपा प्रखर राष्ट्रवाद की विचारधारा पर चलती है, मोदी सरकार ने विकास और विरासत दोनों को नई ऊंचाई दी : डॉ. राजीव बिंदल

शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने संगठनात्मक जिला महासू के प्रशिक्षण महाअभियान के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने, जनादेश का अपमान करने तथा प्रदेश के विकास को अवरुद्ध करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने लोकतंत्र की हत्या की सभी सीमाएं पार कर दी हैं।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों को टालने के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन माननीय सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद चुनाव संपन्न कराने पड़े। चुनाव परिणाम आए डेढ़ माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद जिला परिषदों, ब्लॉक समितियों, नगर परिषदों, नगर पंचायतों तथा नगर निगमों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव जानबूझकर लंबित रखे जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के दुरुपयोग, हॉर्स ट्रेडिंग और नियमों में बार-बार बदलाव कर भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों पर दबाव बनाया जा रहा है ताकि जनता के स्पष्ट जनादेश को पलटा जा सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोकतांत्रिक प्रक्रिया को हाईजैक करने का षड्यंत्र रच रही है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी इसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी।

प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर निशाना साधते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि महासू क्षेत्र सहित प्रदेश के अनेक भागों में सड़कों की स्थिति अत्यंत दयनीय है। किसान और बागवान गंभीर संकट से गुजर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एचपीएमसी पर बागवानों का लगभग 150 करोड़ रुपये का भुगतान आज भी लंबित है। इसके साथ ही एंटी हेल नेट पर मिलने वाली सब्सिडी समाप्त कर दी गई है तथा बागवानी से जुड़ी अन्य आवश्यक सामग्री पर भी सहायता कम कर दी गई है, जिससे सेब उत्पादकों की कठिनाइयां बढ़ी हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने युवाओं के साथ भी विश्वासघात किया है। चुनाव से पहले एक लाख सरकारी नौकरियों और पांच लाख रोजगार का वादा किया गया था, लेकिन आज बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। एचआरटीसी कर्मचारियों और बेरोजगार युवाओं के साथ भी सरकार ने अन्याय किया है। महिलाओं को ₹1500 प्रतिमाह देने की गारंटी का भी मजाक बनाया गया है और इसे पूरे प्रदेश में लागू करने के बजाय सीमित क्षेत्रों तक समेट दिया गया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का जन्म प्रखर राष्ट्रवाद की विचारधारा पर हुआ है और आज भी पार्टी उसी सिद्धांत के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में अनेक ऐसे निर्णय लिए जिनका देश को दशकों तक नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कश्मीर, तिब्बत, 1962 के चीन युद्ध, आपातकाल और भ्रष्टाचार जैसे विषयों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर राष्ट्रहित से समझौता करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने भारत को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाया और आधुनिक भारत के विकास की मजबूत नींव रखी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित किए हैं। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ गरीब, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गईं।

डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में फोरलेन सड़कें, सुरंगें, बड़े पुल, आधुनिक आधारभूत ढांचा तथा संपर्क सुविधाओं का विस्तार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की देन है। इसके विपरीत वर्तमान कांग्रेस सरकार ने विकास कार्यों पर विराम लगा दिया है और प्रदेश को कई वर्ष पीछे धकेल दिया है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं तथा कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने उजागर करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता का आशीर्वाद भाजपा के साथ है और आने वाले समय में प्रदेश में विकास एवं सुशासन की सरकार स्थापित होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

धर्मपुर में 30 जून से 4 जुलाई तक विभिन्न क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित

पेड़ों की कटाई-छंटाई व विद्युत लाइनों के रखरखाव के...