निर्वाचन अधिकारियों और कर्मियों को दिया गया व्यवहारिक प्रशिक्षण, 48 हजार से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
आनी में पंचायती राज आम चुनाव 2026 के संदर्भ में विकास खंड आनी के मेला मैदान में निर्वाचन अधिकारियों तथा चुनाव कर्मियों के लिए द्वितीय पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। इस अवसर पर निर्वाचन पर्यवेक्षक नरेंद्र चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे।निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम आनी लक्ष्मण कनेट ने पर्यवेक्षक का स्वागत करते हुए विकास खंड आनी की सभी 38 पंचायतों में चुनाव तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि विकास खंड आनी में कुल 48,053 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 24,441 पुरुष तथा 23,612 महिला मतदाता शामिल हैं।उन्होंने कहा कि नामांकन प्रक्रिया निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो चुकी है तथा अभ्यर्थी 14 और 15 मई को सायं 3 बजे तक स्वयं अथवा निर्वाचन अभिकर्ता के माध्यम से अपना नाम वापस ले सकते हैं।एसडीएम ने सभी निर्वाचन अधिकारियों और कर्मियों से चुनाव संबंधी पूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा बैलेट बॉक्स प्रक्रिया का व्यवहारिक अभ्यास करने की अपील की। उन्होंने मतदान टीमों को एक यूनिट की तरह कार्य करने, निर्धारित स्थानों पर रुकने तथा समय-समय पर जारी निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए। इस दौरान अधिकारियों और कर्मियों की शंकाओं का भी समाधान किया गया।
पंचायत निरीक्षक जोगेंदर शर्मा ने चुनाव प्रक्रिया के साथ-साथ पीडीएमएस प्रणाली की विस्तृत जानकारी प्रदान की। पूर्वाभ्यास के दौरान सभी चुनाव कर्मियों ने मतदाता पेटियों के प्रयोग का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी प्राप्त किया।सभी चुनाव कर्मियों को फॉर्म 28-क पोस्टल बैलेट पेपर आवेदन हेतु वितरित एवं प्राप्त किए गए। पूर्वाभ्यास में सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी, पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी तथा अन्य चुनाव कर्मी उपस्थित रहे।जानकारी के अनुसार आगामी पूर्वाभ्यास 23 मई को मेला मैदान आनी में आयोजित होगा, जबकि 24 मई को सभी मतदान पार्टियां अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। प्रथम चरण का चुनाव 26 मई, द्वितीय चरण 28 मई तथा तृतीय चरण 30 मई को संपन्न होगा।
फोटो कैप्शन:
आनी मेला मैदान में आयोजित पंचायती राज चुनाव 2026 के द्वितीय पूर्वाभ्यास में निर्वाचन अधिकारियों एवं चुनाव कर्मियों को प्रशिक्षण देते अधिकारी।



