धर्मपुर (मंडी)
पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी कड़ी में सोमवार को धर्मपुर में सहायक निर्वाचन अधिकारियों (एआरओ) के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में चुनाव प्रक्रिया, नामांकन पत्रों की जांच तथा जरूरी दस्तावेजों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की जड़ हैं, इसलिए हर अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता और निष्पक्षता के साथ निभाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नामांकन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
तहसीलदार धर्मपुर प्रवीण कुमार ने एआरओ को नामांकन प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत करवाते हुए बताया कि 7 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी, जिसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि नामांकन पत्रों की जांच के दौरान दस्तावेजों की सही तरीके से जांच करना बेहद जरूरी है, ताकि बाद में किसी प्रकार का विवाद न उत्पन्न हो।
बीडीओ धर्मपुर बालम राम ने पंचायत स्तर पर की जा रही तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और सभी पंचायतों में नामांकन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
प्रशिक्षण के दौरान पंचायत निरीक्षक संजय पराशर और मास्टर ट्रेनर जै पाल ने एआरओ को नामांकन के समय लगने वाले आवश्यक दस्तावेजों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उम्मीदवार को नामांकन पत्र के साथ पहचान पत्र, जाति प्रमाण पत्र (जहां लागू हो), अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। साथ ही, निर्धारित शुल्क जमा करवाना भी अनिवार्य होगा।
अधिकारियों को यह भी बताया गया कि नामांकन पत्र भरते समय किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने के लिए उम्मीदवारों को सही मार्गदर्शन दिया जाए और सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं।
प्रशिक्षण शिविर में उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि सभी तैयारियों के साथ पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न होंगे।


