आनी में उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन, छात्रों और अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग
आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
उपमंडल मुख्यालय आनी में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें एसडीएम लक्षण सिंह कनैत ने अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज की तेज़ रफ्तार और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग एक ऐसा माध्यम है जो न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि योग को अपनी दैनिक जीवनशैली में अवश्य शामिल करें।
कार्यक्रम का आयोजन आयुष विभाग आनी द्वारा एसडीएम सभागार में किया गया, जहां बड़ी संख्या में स्कूली छात्र, शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। एसडीएम ने कहा कि एक स्वस्थ तन में ही स्वस्थ मन वास करता है और योग ही वह साधन है जो व्यक्ति को संतुलित, अनुशासित व सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर करता है।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) राजेंद्र चौहान ने योग को जीवनशैली का अभिन्न अंग बताते हुए पर्यावरण संरक्षण से भी इसका गहरा संबंध बताया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाने की विधा है।
कार्यक्रम की शुरुआत में कार्यकारी उपमंडलीय आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. हरीश ने मुख्य अतिथि व सभी अतिथियों का स्वागत किया और योग की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग केवल रोगों से लड़ने का माध्यम नहीं बल्कि आत्मशुद्धि व आत्मविकास का मार्ग है।
इस मौके पर तहसीलदार रत्नेश्वर शर्मा, आयुष विभाग के अधिकारी विनोद कुमार, देवेंद्र, रविंद्र ठाकुर, दिलीप सिंह, जीतराम, धर्मपाल सहित अनेक विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। स्कूली छात्रों में योग दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने उत्साहपूर्वक विभिन्न योगासन कर कार्यक्रम को सफल बनाया।


