आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
लंबे इंतजार के देवता बकरालू महाराल दलगांव के भुंडा महायज्ञ का गुरुवार को ऐतिहासिक देव आस्था के साथ देवमिलन के रूप में शुभारंभ हुआ। प्रदेश के सबसे बड़े देव अनुष्ठान में मंडलगढ़ क्षेत्र के पांच लंबरदारी के अराध्य देवता ब्रौंद्रा महाराज, समरेरी क्षेत्र के प्रमुख देवता महेश्वर महाराज व खशकंडी, गुम्मा व अंद्रेवठी से देवता परशुराम अपने हजारों देवलुओं के साथ पारंपरिक देवधुनों व अस्त्र शस्त्रों के साथ आस्था में नाटी डालते हुए मंदिर परिसर में बारी-बारी पहुंचे। इसके बाद देवता बकरालू व एकटांगा महाराज ने सभी मेहमान देवताओं व खुंदो का स्वागत किया। वहीं सभी देवताओं ने परशुराम से विधिवत मिलन व मेजबान देवता बकरालू महाराज से मिलन की अटूट परंपरा को निभाया।
इस दौरान मंदिर परिसर व इसके आसपास एक लाख से अधिक आस्थावान भक्त इस भव्य देव मिलन के साक्षी बने। पांच घंटे के पैदल सफर कर दलगांव पहुंचे खुंद अपने-अपने कुलदेवता के साथ भुंडा महायज्ञ में शामिल होने वाले तीन खूंद व बटोली अपने देवता की पालकी से साथ जयकारों व ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते गाते मंदिर प्रांगण मे ंपहुंचे। इस दौरान सभी देवताओं ने देवता बकरालू से मिलन की पंरपरा निभाने के बाद अपने-अपने डेरो के लिए प्रस्थान किया। जयकारे की गूंज से पूरे दलगांव को देवमयी कर लिया। इस अनुष्ठान के आगामी तीन दिन में दूसरे दिन शिखा फेर, तीसरे दिन खास रस्म बेडा व अंतिम दिन उछड़-पाछड के साथ संपन्न होना है।
देवलुओं के साथ भरे कदम
देव आस्था व रीति रिवाज के मुताबिक कई किलोमीटर दूर से आने वाले खुंदों ने यहां पहुंचने के लिए पैदल व दुर्गम रास्तों से गुजरकर हजारों देवलुओं के साथ कदम भरे। इस देवकार में अपने कुल देवता के प्रति आस्थावान सैकड़ों देवलुओं ने हर घर से एक व उससे अधिक लोगों ने भाग लिया। इसमें प्रदेश सरकार में बड़े ओहदो पर बैठे अधिकारियों ने भी देवता के आदेश की पालना कर पैदल मार्च किया।
अपनी गाड़ी छोड़ एचआरटीसी की बस से किया सफर
भुंडा महायज्ञ में जिला व स्थानीय प्रशासन की ओर से निजी वाहनों का कम से कम उपयोग करने की बजाय परिवहन निगम की बसों को 30 मिनट के अंतराल के बाद दलगांव के लिए चलाया जा रहा है। इस सुविधा के चलते भक्तों ने अपनी गाड़ी छोड़ परिवहन निगम की बसों में ही सफर कर गतंव्य की ओर पहुंचने के विकल्प को चुना। इस दौरान रोहडू बस स्टैंड में लोगों की खूब भीड़ देखने को मिली।


