आवाज़ जनादेश / न्यूज़ ब्यूरो शिमला
गगल हवाई अड्डे पर लगातार यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण सिविल हवाई अड्डा गगल के निदेशक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि हर वर्ष बाहरी राज्यों से गगल हवाई अड्डे पर आने वाले और गगल हवाई अड्डे से बाहरी राज्यों को जाने वाले यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। निदेशक ने बताया कि वर्ष 2024 में गगल हवाई अड्डे पर 2,08,275 यात्री गगल हवाई अड्डे से बाहरी राज्यों और बाहरी राज्यों से गगल हवाई अड्डे पर आए। निदेशक ने बताया कि वर्ष 2023 में 1,93,114 यात्री गगल हवाई अड्डे पर आए और बाहरी राज्यों को गए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 की तुलना में वर्ष 2024 में ज्यादा यात्री बाहरी राज्यों से गगल हवाई अड्डे पर आए और बाहरी राज्यों को गए।
ज्ञात रहे कि गगल हवाई अड्डे पर मार्च महीने के बाद गगल हवाई अड्डे पर अपनी सेवाएं दे रही विमान कंपनियां अपनी विमान सेवाएं बढ़ा सकती हैं। गगल हवाई अड्डे पर जयपुर और देहरादून से भी विमान सेवाएं शुरू हो सकती हैं। इनमें देहरादून से इंडिगो एयरलाइंस अपनी विमानसेवा चलाने के लिए पिछले वर्ष से ही शेड्यूल जारी कर दिया गया था लेकिन देहरादून हवाई अड्डे पर मुंबई या बंगलुरु हवाई अड्डों से कनेक्टिंग फ्लाइट न होने के कारण देहरादून से गगल हवाई अड्डे के लिए विमान नहीं चल पाया।
ये कंपनियां दे रही सेवाएं
वर्तमान में गगल हवाई अड्डे पर एलाइंस एयर, इंडिगो एयरलाइंस और स्पाइस जेट विमान कंपनियां अपनी सेवाएं दे रही हैं। इनमें स्पाइस जेट एयरलाइंस के दिल्ली से गगल हवाई अड्डे पर दो, इंडिगो की दो विमान सेवाएं एलाइंस एयर की एक विमानसेवा दिल्ली से गगल हवाई अड्डे पर आती हैं। एलाइंस एयर की विमान सेवा सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को शिमला होकर आती है और जाती भी शिमला होकर ही है। मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को दिल्ली से सीधे गगल हवाई अड्डे पर आती है।


