भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के गृह जिले बिलासपुर में आज दो साल का जश्न मना रही कांग्रेस सरकार ।
आवाज जनादेश / न्यूज ब्यूरो शिमला
सीएम ने इन छह योजनाओं का किया शुभारंभ
समारोह के दाैरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्वतंत्रता सैनानियों को भी सम्मानित किया गया। इस दाैरान मुख्यमंत्री ने छह नई योजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत 5,145 लाभार्थी लाभान्वित होंगे। हिम प्राकृतिक खेती उत्पाद का शुभारंभ भी किया और प्राकृतिक मक्की के पैसे लाभार्थियों के खाते में ट्रांसफर किए। हिम भोग मक्की आटा भी लॉन्च किया। साथ ही हिम केंचुआ जैविक खाद योजना खरीद शुरू की। 300 रूपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी खाद जाएगी। सीएम ने राजीव गांधी स्टार्ट-अप स्वरोजगार योजना के तहत युवाओं को ई-टैक्सी की चाबियां साैंपी। इसके अलावा पांच आयुष मोबाइल वैन को भी हरी झंडी दिखाई और चार अधिकारियों को चाबियां सौंपी। मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के लाभार्थियों को चेक बांटे। पुरानी पेंशन योजना बहाल करने के लिए लाभार्थियों ने सीएम ने सम्मानित किया। सीएम सुक्खू ने 1300 करोड़ रुपये की एचपी शिवा बागवानी विकास परियोजना जनता को समर्पित की। योजना के तहत सात जिलों में छह हजार हेक्टेयर भूमि को लाया जाएगा। बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर, सोलन और ऊना जिला के 15,000 से अधिक परिवार इस परियोजना से लाभान्वित होंगे।
एक महीने के अंदर जारी होंगे लंबित भर्तियों के परिणाम: मुकेश
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा ने सरकार गिराने की नाकाम कोशिश की। हम 40 थे और 40 हैं। हमारे एक भी मंत्री में दाग नहीं है। इससे ईमानदार मंत्रिमंडल नहीं हो सकता। भाजपा के लोग दिल्ली में जाकर पैसे रुकवाने का काम करते हैं। प्रदेश के कर्मचारियों को ओपीएस कांग्रेस की सरकार ने दी। भाजपा सरकार ने पेंशन देने से इन्कार कर दिया था। कांग्रेस सरकार कर्मचारियों की साथी है। जब तक हम हैं तक तक आपकी पेंशन सुरक्षित है। इसलिए हमें एक साथ मिलकर चलना है। मुकेश ने घोषणा कि जितनी भी भर्तियों के परिणाम लंबित हैं, एक महीने के अंदर जारी किए जाएंगे।
प्रतिभा सिंह ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
समारोह में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा के किसी भी सांसद ने प्रदेश को आपदा राहत दिलाने के लिए पहल नहीं की । हम प्रधानमंत्री से बार-बार मांग करते रहे कि हिमाचल का हक दिया जाए, आपदा में हमारी मदद करें। अफसोस की बात है कि प्रधानमंत्री ने इसमें कोई पहल नहीं की। लेकिन हमारी सरकार ने अपने स्तर पर आपदा राहत पैकेज देकर लोगों को बसाया।


