सीएम ने मां ज्वाला जी का लिया आशीर्वाद
आवाज जनादेश / न्यूज ब्यूरो शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज अपनी धर्मपत्नी विधायक कमलेश ठाकुर के साथ ज्वालामुखी मंदिर में मां ज्वाला का आशीर्वाद लिया। सीएम देहरा में एसपी कार्यालय व मुख्यमंत्री कार्यालय का उद्घाटन करने जा रहे थे। इससे पहले वह थोड़ी देर के लिए ज्वालामुखी में रूके। उनके साथ विधायक संजय रत्न भी मौजूद रहे। इसके अलावा एसडीएम संजीव कुमार, मंदिर अधिकारी मनोहर लाल शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा व अन्य कई अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी सहित माता ज्वालामुखी की पूजा-अर्चना की। पुजारी व न्यास सदस्य अविनेद्र शर्मा द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना करवाई गई और माता का प्रसाद दिया गया। मंदिर न्यास की तरफ से मुख्यमंत्री को माता की चुनरी व माता की तस्वीर भेंट की गई।
इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने चुनावों से पहले देहरा की जनता के साथ जो वायदे किए थे, उन्हें पूरा किया है। आज देहरा में एसपी कार्यालय व मुख्यमंत्री कार्यालय का उद्घाटन होने जा रहा है। देहरा में एससी लोक निर्माण विभाग, एससी इलेक्ट्रिसिटी व एससी आईपीएच के कार्यालय भी खोल दिए गए हैं। देहरा की जनता से जो कुछ भी कहा गया था, वह पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले धर्मशाला व नूरपुर में ही यह कार्यालय थे। इन कार्यालयों के खुलने से देहरा की जनता को बहुत लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही देहरा को पर्यटन की दृष्टि से भी संवारने के लिए 100 करोड़ का प्रोजेक्ट यहां शुरू किया जाएगा और देहरा पर्यटन की दृष्टि से भी उभरेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पौंग विस्थापितों को उनका अधिकार दिलवाने की दृष्टि से भी सरकार प्रयासरत है, उनको भी जल्द ही उनका अधिकार मिलेगा।


