आवाज जनादेश / न्यूज ब्यूरो शिमला
शनिदेव मंदिर लंबलू के पास शनिवार सुबह करीब 8 बजे एक ट्रक अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरा। इस हादसे में चालक की मौत हो गई है। हादसे के दौरान चालक ने जान बचाने के लिए छलांग भी लगाई, लेकिन वह भी खड्ड में जा गिरा। घटना का पता चलते ही लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने घायल चालक को अस्पताल भेजा, लेकिन उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार ईंटों से भरा एक ट्रक लंबलू से तरक्वाड़ी मार्ग पर जा रहा था। इसी दौरान चढ़ाई चढ़ते हुए ट्रक अनियंत्रित हो गया और पीछे की तरफ चलने लगा। देखते ही देखते यह सड़क से नीचे खड्ड में जा गिरा तथा चकनाचूर हो गया। चालक ने बचने के लिए छलांग तो लगाई, लेकिन वह भी खड्ड में ही जा गिरा। मौके पर एंबुलेंस को बुलाया गया था, लेकिन उसमें ऑक्सीजन की सुविधा नहीं थी। ऐसे में घायल चालक को निजी वाहन से ही अस्पताल भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।


