आवारा कुत्तों की नसबंदी को लेकर भी चलाया जाएगा अभियान
आवाज जनादेश / न्यूज ब्यूरो शिमला
हिमाचल प्रदेश में अब पशुपालन विभाग द्वारा 79 हजार कुत्तों की वैक्सीनेशन की जाएगी और रेबीज की बीमारी से बचाव के बारे में भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा आवारा कुत्तों की संख्या को रोकने के लिए प्रदेश में उनकी नसबंदी भी की जाएगी। यह बात ढालपुर पहुंचे पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. प्रदीप शर्मा ने कही। जिला मुख्यालय ढालपुर में पशुपालन विभाग द्वारा विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. प्रदीप शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। डॉ. प्रदीप शर्मा ने बताया कि लोगों को चाहिए कि अगर उनके घर में कोई भी पालतू जानवर है तो उसकी समय-समय पर वैक्सीनेशन अवश्य करें क्योंकि रेबीज के मामले तभी सामने आते हैं जब किसी भी जानवर की वैक्सीनेशन नहीं की गई हो। ऐसे में कुत्तों में भी रेबीज के मामले काफी अधिक आते हैं। पशुपालन विभाग द्वारा अब पूरे प्रदेश में आवारा कुत्तों की वैक्सीनेशन की जाएगी। इसके अलावा आवारा कुत्तों की नसबंदी भी की जाएगी तथा इसमें स्थानीय संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा। डॉ. शर्मा ने बताया कि कई बार कच्चे दूध में भी रेबीज के वायरस आ सकते हैं। ऐसे में लोग कभी भी अगर दूध का प्रयोग करें तो उसे पहले अच्छी तरह से उबाल लें, ताकि रेबीज का संक्रमण होने का खतरा कम हो सके।


