19 सितंबर से शुरू होंगी रेल सेवाएं, 33 साल बाद यात्रियों को मिलेगी सुविधा
रेलवे ने पटरी बिछाने के साथ बिजली कनेक्टिविटी से जोड़ा प्लेटफार्म
आवाज जनादेश / न्यूज ब्यूरो शिमला
ऊना रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को अब दूसरे प्लेटफार्म की सुविधा भी मिलना शुरू हो जाएगी। ऊना रेलवे स्टेशन पर दूसरे प्लेटफार्म का कार्य अंतिम चरण पर है। रेल पटरी बिछाने के बाद अब दूसरे प्लेटफार्म को बिजली सुविधा से कनेक्ट कर दिया है। इसके अलावा दूसरे प्लेटफार्म तक पहुंचने के लिए फुट ओवरब्रिज पहले ही बनकर तैयार हो चुका है। 19 सितंबर से दूसरे प्लेटफार्म से रेल सेवाएं शुरू हो जाएंगी। दूसरा प्लेटफार्म शुरू हो जाने से रेलवे की समस्या का समाधान हुआ है। ऊना रेलवे स्टेशन पर वर्ष 1991 में पहला प्लेटफार्म बना था। उस समय ऊना से एक-दो रेल सेवाएं चल रही थी, लेकिन मौजूदा समय में ऊना रेलवे स्टेशन से देश के बड़े-बड़े महानगरों के लिए नौ रेल सेवाएं चल रही है। अब ऐसे में दूसरे प्लेटफार्म की मांग लंबे समय से उठ रही थी। रेलवे ने इसके लिए युद्ध स्तर पर काम भी शुरू किया था। अब दूसरा प्लेटफार्म बनकर तैयार हो गया है, जिसे दो दिन बाद शुरू कर दिया जाएगा। इससे पहले एक ही प्लेटफार्म होने से रेलवे को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
ट्रेन को पास देने के लिए काफी देर तक रेल को नंगल में या अन्य स्थान पर खड़ा किया जाता था, जिससे रेल यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब दूसरा प्लेटफार्म शुरू हो जाने से उक्त समस्या का समाधान हो गया है। बताते चले कि ऊना रेलवे स्टेशन में वर्ष 1991 से एक ही प्लेटफार्म चल रहा था। हालांकि समय की मांग को देखते हुए रेलवे ने अब यहां दूसरा प्लेटफार्म बनाया था। लूपलाइन व दूसरे प्लेटफार्म के कार्य का अंतिम रूप देने के लिए रेलवे ने ऊना से साबरमती, हरिद्वार, नांदेड साहिब व पैंसेजर ट्रेनों को रद्द किया है। हरिद्वार के लिए चलने वाली ट्रेन नंगल से चलेगी। अंबाला के लिए चलने वाली ट्रेन श्रीआनंदपुर साहिब, साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन नंगल से व नांदेड साहिब चलने वाली ट्रेन नंगल से चल रही है।


