बधाल के शिकारी नाले में बाढ़ से नुकसान, बाल-बाल बचा मकान
आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
उपमंडल रामपुर की बधाल पंचायत के शिकारी नाले में शनिवार देर रात बादल फटने से बाढ़ आ गई इस घटना में किसी प्रकार का जान माल का नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन कई बीघा सेब के बागीचे इसकी चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच कर नुकसान का आंकलन कर रही है। बादल फटने की घटना शनिवार रात हुई। शिकारी नाले के पास हुई इस घटना से जहां मलबे ने अपना रास्ता बदल दिया, जिस कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन एक मकान इसकी चपेट में आने से बच गया, क्योंकि मलबा मकान से कुछ मीटर की दूरी से होकर गुजरा।
जैसे ही मकान में रह रहे लोगों ने मलबेे के आने की आवाज सुनी तो वे भी घर से भाग कर सुरक्षित स्थान की ओर भाग गए। मकान देवराज पुत्र अकलू राम का था। इसके बाद से शिकारी नाले के आसपास लोग दहशत में हैं। सब के बागीचों के अलावा कोई भी नुकसान नहीं हुआ हैं।
आज साफ रहेगा मौसम
शिमला। मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटे के दौरान प्रदेश भर के ज्यादातर हिस्सों में मौसम के साफ रहने की बात कही है। इस दौरान इक्का-दुक्का स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। विभाग ने इस अवधि के लिए कोई भी अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि हिमाचल में बीते 24 घंटे के दौरान कसौली, धर्मपुर और रेणुकाजी समेत अन्य जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई है।
श्रीखंड में कैलाश पर्वत पर बर्फबारी
निरमंड। महादेव के पंच कैलाशों में से एक और उत्तर भारत का सबसे कठिनतम कैलाश निरमंड विकास खंड का श्रीखंड महादेव कैलाश पर्वत पर शनिवार रात सीजन का पहला हिमपात हुआ है। श्रीखंड महादेव कैलाश पर्वत के आसपास की ऊंची चोटियों ने भी बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। अब शिव भक्तों को महादेव के दर्शनों के लिए अगले वर्ष जून व जुलाई महीने तक का इंतजार करना पड़ेगा। अब ऐसी बर्फबारी में शिव भक्तों का महादेव की पवित्र शिवलिंग तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।


