मून मैन ऑफ इंडिया पद्मश्री डॉ. माइलीस्वामी अन्नादुरई रहे वर्चुअली चीफ गेस्ट
आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
ऊना जिला के सलोह स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) में शुक्रवार को छठे दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। संस्थान के निदेशक प्रोफेसर मनीष गौर की अगुवाई में आयोजित किए गए इस समारोह की अध्यक्षता बोर्ड ऑफ गवर्नर के अध्यक्ष रवि शर्मा ने की, जबकि मून मैन ऑफ इंडिया के नाम से प्रसिद्ध देश के वरिष्ठ वैज्ञानिक और चंद्रयान मिशन के निदेशक रहे पद्मश्री डॉ. माइली स्वामी अन्नादुरई वर्चुअली चीफ गेस्ट के रूप में शामिल हुए। समारोह के दौरान संस्थान के 260 छात्रों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने विभिन्न कोर्सेज में अपनी डिग्री प्राप्त की, जबकि संस्थान के 2019 और 2020 बैच के छात्र-छात्राओं को उनके उत्कृष्ट अकादमी के प्रदर्शन के लिए पदकों से नवाजा गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने दीक्षांत समारोह में मौजूद छात्र-छात्राओं और तमाम लोगों को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि आज का युग विज्ञान और तकनीक का युग है।
उन्होंने कहा कि देश के 20 ट्रिपल आईटी संस्थानों में से एक हिमाचल प्रदेश के इस संस्थान द्वारा बेहतरीन प्रदर्शन अभी तक किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संस्थान और यहां के छात्र-छात्राएं आगे चलकर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान अदा करेंगे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस संस्थान में आकर शिक्षा हासिल करना अनेक छात्र-छात्राओं का सपना होता है और इससे भी बड़ा सपना आगे चलकर इस शिक्षा के दम पर अपने जीवन को बेहतरीन मुकाम तक ले जाने का रहता है। उन्होंने कहा कि यह छात्र विभिन्न क्षेत्रों में अपने लंबे जीवन की सफल यात्रा की शुरुआत करेंगे, जिसमें न केवल वह अपने सपनों को साकार करेंगे अपितु देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेंगे।


