डीपीएफ शिल्हा स्वाड़ के पास का है वीडियो, 5 सितंबर रात 1 बजे का है मामला
फोरेस्ट रेंज उरला के आरओ शिवम रत्न ने मोबाइल में कैद किया दृश्य
आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
डीएफओ जोगिंद्रनगर के तहत आने वाली उरला फोरेस्ट रेंज की एक टीम रेंज ऑफिसर शिवम रत्न की अगुवाई में बीती 5 सितंबर को बरोट वाली सड़क पर रात्रि गश्त कर रही थी। इस दौरान डीपीएफ शिल्हा स्वाड़ के पास इस टीम का सामना एक मादा तेंदुआ और उसके चार शावकों से हो गया। यह सभी जंगल से सड़क की तरफ आ रहे थे। टीम की नजर इन पर पड़ी तो इन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रोक दी। गाड़ी की तेज लाइट को देखकर मादा तेंदुआ और उसके शावक थोड़ा घबराए, लेकिन आगे बढऩे का अपना रास्ता नहीं छोड़ा और आगे बढ़ गए। इस पूरे घटनाक्रम को फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर शिवम रत्न और उनकी टीम ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हालांकि कुछ लोग इस वीडियो को चंबा जिला के डल्हौजी का बताकर सोशल मीडिया पर गलत ढंग से पेश कर रहे हैं, जबकि यह वीडियो मंडी जिला के जोगिंद्रनगर वन मंडल के तहत आने वाली उरला फोरेस्ट रेंज का है।
डीएफओ जोगिंद्रनगर कमल भारती ने वीडियो की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान अमूमन वन कर्मियों का इस तरह के जानवरों के साथ सामना होता रहता है। यह जानवर भी हमारी प्रकृति और वन्य जीवन का एक अहम हिस्सा है। लोगों को इनसे घबराने की नहीं बल्कि सचेत रहने की जरूरत है, जिस प्रकार से वन कर्मी रहते हैं। उन्होंने बताया कि उरला फोरेस्ट रेंज में तेंदुए और भालुओं सहित अन्य प्रकार के जंगली जानवरों और जीवों की काफी संख्या है।


