महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को सीट शेयरिंग पर महायुति की मीटिंग
आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए महायुति (भाजपा, शिवसेना और एनसीपी) की दूसरे दौर की बैठक शनिवार (31 अगस्त) को हुई। एनसीपी के सूत्रों ने बताया कि तीन घंटे तक चली इस मीटिंग में महाराष्ट्र की 288 में से 173 सीटों पर सहमति बन गई है। इनमें सबसे ज्यादा सीटें भाजपा को देने का फैसला किया गया है। भाजपा के बाद शिवसेना और एनसीपी को सीटें मिलेंगी। हालांकि, किस पार्टी को कितनी सीटें देने पर सहमति बनी, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। बाकी की 115 सीटों पर अगली बैठक में फैसला होगा।
सीट शेयरिंग फाइनल करने के लिए 2-3 दौर की मीटिंग और होगी। नागपुर में हुई इस बैठक में सीएम शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस, अजित पवार समेत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, एनसीपी प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे, एनसीपी नेता प्रफुल पटेल मौजूद थे।
अजित पवार बोले, हम 60 सीटें मांगेंगे
अजित पवार ने मीटिंग से पहले नागपुर में कहा था- 2019 के चुनाव में हमने 54 सीटें जीती थीं। चूंकि इस बार हमें तीन कांग्रेस विधायकों और तीन निर्दलीयों का समर्थन प्राप्त है, इसलिए हमारी ताकत बढ़ती ही जा रही है। हम इस विधानसभा चुनाव में 60 सीटों की मांग करेंगे।


