इजराइल को मदद और अग्निवीर पर सवाल उठाने से नाराज थी भाजपा
पार्टी बोली, निजी वजहों से दिया इस्तीफा, राजीव रंजन को सौंपी जिम्मेदारी
आवाज जनादेश न्यूज / ब्यूरो शिमला
जदयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने निजी कारणों का हवाला देकर पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के पद से इस्तीफा दे दिया है। उनकी जगह पार्टी ने राजीव रंजन को राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया है। पार्टी के महासचिव आफाक अहमद खान ने लेटर जारी कर इसकी जानकारी दी है। पार्टी भले ही इसे निजी कारण से दिया गया इस्तीफा बता रही है, लेकिन राजनीतिक गलियारे में चर्चा है कि जदयू के एक लंबे समय से प्रमुख चेहरा रहे केसी त्यागी के हालिया बयानों के कारण उन्हें इस्तीफा देना पड़ा। यह भी चर्चा है कि उन्होंने इजराइल को हथियार की आपूर्ति पर केंद्र पर हमला बोलने के साथ अग्निवीर समेत विभिन्न योजनाओं और मुद्दों परे सवाल उठाए थे, जो पार्टी की आधिकारिक लाइन से अलग थे।
उन्होंने कई मौकों पर पार्टी नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं से परामर्श किए बिना बयान जारी किए। इस कारण पार्टी और उसके घटक दल भाजपा में नाराजगी है। सूत्रों की मानें तो विपक्षी नेताओं के साथ मीटिंग, अग्निवीर योजना समेत कई मुद्दों पर विरोध करना केसी त्यागी को भारी पड़ा है। उनके बयानों के कारण सिर्फ जदूय ही नहीं, बल्कि एनडीए के भीतर भी मतभेद की खबरें सामने आईं।


