खुद और सचिन को बताया लेजेंड, कोहली का डीपफेक वीडियो वायरल
आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक से बढक़र एक बल्लेबाज आए हैं। हालांकि, इनमें सचिन तेंदुलकर जैसा मुकाम कोई भी हासिल नहीं कर सका। क्रिकेट के जानकारों का कहना है कि सचिन के बाद विराट कोहली ही भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े बल्लेबाज हैं। वहीं जानकार यह भी कहते हैं कि युवा शुभमन गिल भी इन दोनों दिग्गजों जैसा नाम बना सकते हैं। इस बीच विराट कोहली का एक वीडियो वायरल है। इस वीडियो में विराट कोहली कह रहे हैं कि क्रिकेट में भगवान सचिन तेंदुलकर के बाद वह हैं और शुभमन गिल कभी उनके जैसा मुकाम हासिल नहीं कर पाएंगे। कोहली कहते हैं, जब हम ऑस्ट्रेलिया से लौटे तो मैंने नोटिस किया कि सफल होने के लिए क्या-क्या चीजें जरूरी हैं।
मैंने शुभमन गिल को बहुत करीब से देखा है। उसकी प्रतिभा में कोई शक नहीं है, लेकिन प्रतिभा दिखाने और लीजेंड बनने में काफी बड़ा अंतर होता है। विराट वीडियो में आगे कहते हैं, लोग गिल को अगला विराट कोहली कहते हैं, लेकिन मैं साफ करना चाहता हूं कि विराट कोहली सिर्फ एक है। मैंने बहुत खतरनाक गेंदबाजों का सामना किया है। भारतीय क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के बाद सिर्फ मैं हूं। बता दें कि विराट कोहली ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। ये वीडियो फेक है। इस वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है।


