आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर नेशनल कान्फ्रेंस ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। दूसरी लिस्ट में 32 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। दूसरी लिस्ट में पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला को गांदरबल विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। इससे पहले सोमवार को नेशनल कान्फ्रेंस ने 18 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। इससे पहले सोमवार को नेशनल कान्फ्रेंस और कांग्रेस पार्टी ने साथ में जम्मू -कश्मीर विधानसभा चुनाव लडऩे का ऐलान किया था।
दोनों दलों के बीच हुए समझौते के अनुसार नेशनल कान्फ्रेंस 51 और कांग्रेस 32 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। 90 सीटों वाली जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव तीन चरणों में होगा। पहले चरण के तहत 18 सितंबर को मतदान होगा जबकि दूसरे चरण के तहत 25 सितंबर और तीसरा चरण के तहत एक अक्तूबर को वोट डाले जाएंगे। मतों की गिनती चार अक्तूबर को होगी। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला आगामी जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में गांदरबल से चुनाव लड़ेंगे।
कांग्रेस की पहली सूची में नौ को टिकट
नई दिल्ली। कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों के लिए नौ उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। कांग्रेस ने पार्टी के प्रदेश महासचिव गुलाम अहमद मीर को दूरु से और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विकार रसूल वानी को बनिहाल से चुनाव मैदान में उतारा है। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोमवार देर रात इन उम्मीदवारों की सूची जारी की और बताया कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने इन उम्मीदवारों के नाम को मंजूरी दी है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने त्राल से सुरेंद्र सिंह चन्नी, देवसर से अमुतुल्लाह मंटी, दूरु से गुलाम अहमद मीर, अनंतनाग से पीरजादा मोहमद सईद, इंद्रवाल से शेख जफरुल्ला, भद्रवाह से नदीम शरीफ, डोडा से शेख रियाज, डोडा पश्चिम से डा. प्रदीप कुमार भगत और बनिहाल से विकार रसूल वानी को टिकट दिया है।
जेल से चुनाव लड़ेगा टेरर फंडिंग का आरोपी बरकती, बेटी को प्रचार का जिम्मा
श्रीनगर। टेरर फंडिंग के आरोप में जेल की हवा काट रहे मौलवी सरजन बरकती ने भी जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024 के लिए ताल ठोंक दी है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए शोपियां से निर्दलीय चुनाव लडऩे का ऐलान किया है। बरकती के लिए चुनाव प्रचार का जिम्मा उनकी बेटी ने उठाया है। बरकती पर 2016 में बुरहान वानी की मौत के बाद शोपियां, पुलवामा और कुलगाम में हिंसक प्रदर्शन के दौरान भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का भी आरोप है।


