जिला में अभी तक कुल 58 करोड़ का आंका गया है नुकसान
आवाज जनादेश/न्यूज ब्यूरो शिमला
सिरमौर जिला में मानसून की बारिश से अभी तक करीब 58 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। सबसे ज्यादा लोक निर्माण विभाग का करीब 37 करोड़ का नुकसान आंका गया है। विभाग के अधीक्षण अभियंता इंजीनियर अरविंद कुमार ने बताया कि इस वर्ष बरसात के कारण अभी तक कुल 37 करोड़ रुपए का नुकसान आंका गया है। हालांकि जिला सिरमौर में बीते वर्ष के मुकाबले इस वर्ष अधिक नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जिला में सड़कें यातायात के लिए अवरुद्ध रही, जिन्हें तुरंत प्रभाव से लोगों की सुविधा के लिए बहाल किया गया। उन्होंने कहा कि बड़ी मात्रा में सरकार के निर्देशों पर विभाग द्वारा मशीनरी लगाई गई है, ताकि लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बरसात के मौसम को देखते हुए आम जनता से अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक यात्रा करने से बचें। यदि आवश्यक हो तो मौसम के बारे में जानकारी प्राप्त करने के बाद ही यात्रा पर निकले। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार 15 सितंबर तक बरसात जारी रहने की संभावना है। इसलिए मौसम को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की रूपरेखा तैयार करें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।


